Cloudburst Near Amarnath Cave: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ के बाद अब अमरनाथ गुफा के पास बादल फटने से भारी तबाही हुई है। बीएसएफ, सीआरपीएफ और जम्मू पुलिस के कैंप को भारी नुकसान पहुंचा है।
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में लगातार भारी बारिश के बाद जीनजीवन प्रभावित है। अब किश्तवाड़ के बाद अमरनाथ गुफा के पास बादल फटने से भारी तबाही हुई है। बादल फटने की यह घटना बुधवार को घटी है। इससे देखते ही देखते सिंधु नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है।
वहीं, बीएसएफ, सीआरपीएफ और जम्मू पुलिस के कैंप को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, अभी तक किसी के भी हताहत होने की कोई खबर सामने नहीं आई है। राहत-बचाव के लिए एसडीआरएफ की दो टीम पहले से वहां हैं। अब एक और टीम को गांदरबल से रेस्क्यू और राहत बचाव के लिए भेजी गई है।
जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अमरनाथ में बादल फटने की घटना पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बातचीत की है और हालात की जानकारी ली है। अमित शाह ने कहा कि एनडीआरएफ की टीमों को राहत कार्यों और स्थिति के सटीक आकलन के लिए वहां भेजा जा रहा है।"
इस खौफनाक घटना के बाद कंगन के एसडीपीओ ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि पवित्र अमरनाथ गुफा और आस-पास के पूरे इलाके में लगातार बारिश हो रही है। अब बादल फटने की घटना के बाद गंड और कंगन के क्षेत्रों में लोगों से अपील की गई है कि वे सिंध नदी से दूर रहें।
किश्तवाड़ और लद्दाख में बादल फटने से तबाही
आपको बता दें कि इससे पहले बुधवार को ही जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ और लद्दाख में बादल फटने की घटना हो चुकी है। किश्तवाड़ जिले के होंजोर दच्छन में बादल फटने से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 को बचा लिया गया। अभी भी रेस्क्यू टीम की ओर से राहत-बचाव का कार्य जारी है।