विविध भारत

करेंसी नोटों से भी Coronavirus फैलने का खतरा, रिजर्व बैंक ने बताया बचने का तरीका

भारतीय रिजर्व बैंक ने आम नागरिकों के लिए जारी किया नोटिफिकेशन। लोगों को डिजिटल पेमेंट अपनाने और भीड़भाड़ से बचने की सलाह दी। देशभर में बढ़ते जा रहे हैं कोरोना पॉजिटिव मरीज, तीन की मौत।
2 min read
करेंसी नोटों से भी कोरोना वायरस का खतरा
करेंसी नोटों से भी कोरोना वायरस का खतरा

नई दिल्ली। भले ही आप साबुन-सैनेटाइजर से हाथ धोकर, मुंह पर मास्क लगाकर खुद को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाने की पूरी कोशिश में लगे होंगे, लेकिन देशभर में रोजाना इसके नए मामले सामने आते जा रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा बताए जा रहे तमाम उपायों के बीच अब भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बड़ा खुलासा किया है। rbi के मुताबिक करेंसी नोटों के जरिये भी कोरोना वायरस के फैलने का खतरा है, इसलिए देशवासी डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल करें।

शायद यह जानकारी सुनकर आपको हैरानी हुई होगी, लेकिन हकीकत कुछ ऐसी ही है। रोजाना आप खुद को सुरक्षित रखने के लिए तमाम जतन कर रहे हैं, पर तमाम जरूरी सामान खरीदते और लेन-देन करते वक्त आप यह भूल जाते होंगे कि जो करेंसी नोट आप ले-दे रहे हैं, उनसे भी यह वायरस फैल सकता है। इसलिए नागरिकों को आरबीआई ने कम से कम नगदी के इस्तेमाल की सलाह दी है।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने इस संबंध में एक नोटिफिकेशन जारी किया है। RBI की वेबसाइट पर चीफ जनरल मैनेजर योगेश दयाल द्वारा जारी किए गए इस नोटिफिकेशन के मुताबिक ऐसे वक्त में जब देश में कोरोना वायरस तेजी से फैल रहा है, लोगों को सामाजिक संपर्क कम से कम करने चाहिए।

इसके बाद रिजर्व बैंक ने कोरोना वायरस से बचने की सलाह देते हुए कहा है कि लोग ऐसे नाजुक वक्त में नगदी की जगह डिजिटल-ऑनलाइन पेमेंट करें। डिजिटल भुगतान के विकल्प की उपलब्धता नामक इस नोटिफिकेशन के मुताबिक, "डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए अपनी दृष्टि के अनुसरण में, भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) का प्रयास है कि अत्याधुनिक भुगतान प्रणाली की स्थापना की जाए जो कुशल, सुविधाजनक, सुरक्षित, सुदृढ़ और सस्ती हो।"

इसमें डिजिटल भुगतान के बारे में आगे लिखा गया, "RBI आम जनता को ध्यान दिलाना चाहता है कि फंड ट्रांसफर, सामानों/सेवाओं की खरीद, बिलों के भुगतान आदि के लिए चौबीसों घंटे NEFT, IMPS, UPI और BBPS जैसे गैर-नगद डिजिटल भुगतान विकल्प मौजूद हैं।"

COVID-19 संक्रमण के बारे में आरबीआई ने आगे लिखा, "कोरोना वायरस महामारी के पतन को सीमित करने के प्रयासों के संदर्भ में सामाजिक संपर्क और सार्वजनिक स्थानों पर जाने से बचें। इसके साथ ही जनता मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, कार्ड आदि जैसे ऑनलाइन चैनलों के माध्यम से सुविधानुसार अपने घरों में बैठे हुए डिजिटल भुगतान के इन साधनों का उपयोग कर सकती है। धन भेजने या बिल का भुगतान करने के लिए लोग नगदी के इस्तेमाल से बचें जिसमें भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने की जरूरत पड़ सकती है।"

गौरतलब है कि देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की तादाद 130 का आंकड़ा पार कर चुकी है। कोरोना का कहर महाराष्ट्र, दिल्ली, केरल, जम्मू एवं कश्मीर समेत देश के 15 से ज्यादा राज्यों में फैल चुका है। भारत सरकार अब तक कोरोना के कारण तीन लोगों की मौत की घोषणा कर चुकी है।

Updated on:
17 Mar 2020 06:02 pm
Published on:
17 Mar 2020 03:13 pm
Also Read
View All
Surguja News: खुखड़ी बीनने गए ग्रामीणों की अचानक पेड़ पर पड़ी नजर, दुपट्टे से लटकी थी प्रेमी जोड़े की लाश

Ambikapur Snake Bite: बाड़ी में घास काट रही महिला के हाथ में सुई जैसा चुभा, चिल्लाते भागी, घरवाले पहुंचे तो था जाड़ा सांप, हुई मौत

Ambikapur Road Accident: मां से मिलने जा रहे CRPF जवान की सडक़ हादसे में मौत, बोलेरो ने मारी टक्कर, इम्फाल में था पदस्थ

Surajpur News: हॉस्टल अधीक्षिका को हटाने सडक़ पर बैठीं छात्राएं, कहा- न ढंग का खाना मिलता है और न सर्फ-साबुन

Surguja Road Accident: भोलेनाथ को जल चढ़ाने कैलाश गुफा जा रहे 15 वर्षीय राहुल की सडक़ हादसे में मौत, साथी घायल, बर्थडे से 1 दिन पहले छूटी दुनिया