
नई दिल्ली। कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब और हरियाणा के किसानों को दिल्ली चलो मार्च जारी है। आंदोलनकारी किसान गुरुवार देर रात हरियाणा के पानीपत टोल प्लाजा के पास रुकने के बाद आज दिल्ली के लिए कूच कर चुके हैं। किसानों के आंदोलन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने हरियाणा और उत्तर प्रदेश से लगे बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी है। किसानों के आंदोलन को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर में चलने वाली मेट्रो सेवाएं आज भी बाधित रहेंगी।
धौलपुर बॉर्डर पर धरने पर बैठीं मेधा पाटकर
दूसरी तरफ किसानों के दिल्ली की ओर मार्च पानीपत से आगे बढ़ने के बाद हरियाणा-दिल्ली के सिंधु बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। किसानों के दिल्ली में प्रवेश करने से रोकने के लिए अर्ध सैनिक बलों की जवान तैनात किए गए हैं। इसके बावजूद पानीपत बॉर्डर पर रुके किसानों ने बताया कि क्या हम आतंकवादी हैं? अगर नहीं हैं तो हमें देश की राजधानी के अंदर जाने से कौन रोक सकता है? बता दें कि दिल्ली जाने से रोके जाने पर सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर गुरुवार को आगरा-धौलपुर बॉर्डर पर धरने पर बैठ गईं। उनके साथ लगभग 500 किसान भी हैं।