विविध भारत

बिहार: गया सीट पर मतदान जारी, डुमरिया क्षेत्र में बम मिलने से मचा हड़कंप

बिहार में 4 सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। गया सीट के डुमरिया क्षेत्र से बम बरामद किया गया है। बम मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
less than 1 minute read
Apr 11, 2019
bihar
बिहार: गया सीट पर मतदान जारी, डुमरिया क्षेत्र में बम मिलने से मचा हड़कंप

नई दिल्ली। बिहार में पहले चरण के लोकसभा चुनाव में चार सीटों के लिए गुरुवार को सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। वहीं, गया सीट के डुमरिया क्षेत्र से बम बरामद किया गया है। बम मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। यह बम डुमरिया इलाके के एक गांव से मिला है। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आपको बता दें कि बिहार के औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई में हो रहे मतदान के दौरान 70़.66 लाख से ज्यादा मतदाताओं के लिए 7,486 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

इन क्षेत्रों से कुल 44 प्रत्याशी चुनावी मैदान में भाग्य आजमा रहे हैं जिसमें हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सुशील कुमार सिंह, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रमुख रामविलास पासवान के पुत्र चिराग पासवान, भूदेव चौधरी, विभा देवी जैसे दिग्गज शामिल हैं। पहले चरण के चुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। सभी मतदान केन्द्रों पर अर्धसैनिक बलों और बिहार सैन्य बल की तैनाती की गई है।

उल्लेखनीय है कि बिहार के 40 लोकसभा सीटों के लिए सभी सात चरणों में मतदान होना है। बिहार में महागठबंधन और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सीधा मुकाबला माना जा रहा है।

Published on:
11 Apr 2019 08:25 am