
नई दिल्ली। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद की दिन ब दिन तबीयत बिगड़ती जा रही है। रिम्स के डॉक्टर्स ने लालू प्रसाद की मेडिकल रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के मुताबिक, लालू प्रासाद का ब्लड शुगर लगातार बढ़ता जा रहा है जो चिंता का विषय है। अब उन्हें दिन में तीन बार इंसुलिन देने की सलाह दी गई है।
शाकाहारी होने की वजह से बढ़ रहा ब्लड शुगर
रिम्स में इलाज करा रहे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद बीमारी की वजह से नवरात्र में फास्ट तो नहीं रख रहे हैं पर वह शाकाहारी जरूर हो गए हैं। डॉक्टर्स ने कहा कि नवरात्र के चलते लालू प्रसाद सिर्फ शाकाहारी भोजन ही पसंद कर रहे हैं। जिसके कारण उनका ब्लड शुगर बढ़ता जा रहा है। मंगलवार की जांच रिपोर्ट में भी लालू प्रसाद का ब्लड शुगर फिर बढ़ा मिलने से चिंतिंत डॉक्टर्स ने दिन में तीन बार इंसुलिन इंजेक्शन की सलाह दी है। डॉक्टर्स ने बताया कि यह इंसुलिन इंजेक्शन सुबह में नाश्ता, दोपहर के भोजन और रात के भोजन के बाद दिया जाएगा। इतना ही नहीं अब डॉक्टर्स ने लालू प्रसाद की भोजन की मात्रा भी तय की है। डॉक्टर्स ने कहा कि दुर्गा पूजा के बाद लालू प्रसाद की सभी बीमारियों की फिर पूरी जांच होगी।
चलने में भी हो रही है दिक्कत
गौरतलब है कि इससे पहले डॉक्टर्स ने कहा था ब्लड प्रेशर बढ़ने के कारण लालू प्रसाद को चलने-फिरने में भी दिक्कतें हो रही है। उन्हें अकेले चलने से मना किया गया है। इतना ही नहीं उन्हें बार-बार चक्कर भी आ रहा था। लालू प्रसाद की ऐसी हालत देखकर रिम्स के डॉक्टर्स ने मुंबई के डॉक्टर्स से भी सलाह ली थी। फिलहाल, उनका काफी ध्यान रखा जा रहा है और उनकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। उनके स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आ रही है। उनके परिवार के अलावा पार्टी के लोगों का बराबर आना-जाना लगा रहता है। लालू के गिरते स्वास्थ्य के चलते पार्टी में काफी उदासी का माहौल है।