
राजकोट रेंज टीम की गिरफ्त में आरोपी एवं जब्त विदेशी शराब।
राजकोट. सुरेंद्रनगर जिले में अहमदाबाद-कच्छ हाईवे पर शराब तस्करी के खिलाफ राजकोट रेंज पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 75.41 लाख रुपए की शराब जब्त की। टीम ने ट्रक चालक को गिरफ्तार किया।
टीम ने ध्रांगध्रा और चूली के बीच एक होटल के पास मिनी ट्रक को रोककर तलाशी ली। ट्रक में घास-भूसे की बोरियों के पीछे छिपाकर चंडीगढ़ से लाई जा रही शराब की 17,304 बोतलें रखी गई थीं। इनकी कीमत 75.41 लाख रुपए बताई गई।
मौके से ट्रक चालक अब्बास हिंगोरा को गिरफ्तार किया गया। वह देवभूमि द्वारका जिले की भाणवड तहसील के ढेबर गांव का निवासी है। टीम ने शराब, मिनी ट्रक, मोबाइल, शराब छिपाने में इस्तेमाल बोरियां और वाहन के दस्तावेज सहित कुल 90.48 लाख रुपए का मुद्दामाल जब्त किया। पुलिस के अनुसार, शराब की खेप भाणवड़ के भोला श्यामला ने मंगवाई थी। ध्रांगध्रा तहसील थाने में मामला दर्ज किया गया।
वडोदरा. स्टेट मॉनिटरिंग सेल (एसएमसी) की टीम ने शहर में 23.08 लाख रुपए की शराब जब्त की। टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, आठ अन्य आरोपियों को वांछित घोषित किया।
एसएमसी के पुलिस निरीक्षक एन.एच. राठौड़ की टीम ने वडोदरा शहर के अटलादरा थाना क्षेत्र में वडसर रोड स्थित खिसकोली सर्कल के पास वेल केयर अस्पताल के सामने सड़क पर छापेमारी की।
इस दौरान लगभग 177 पेटियां बरामद कीं, जिनमें शराब की कुल 5,256 बोतलें थीं। इनकी कीमत 23.08 लाख रुपए बताई गई।इसके अलावा एक वाहन, कवरिंग में रखी 362 अंडों की ट्रे और अन्य सामान सहित कुल 28.18 लाख रुपए का मुद्दामाल जब्त किया गया।
टीम ने राजस्थान के फलोदी जिले के घंटियाली तहसील के पडियाल निवासी महेंद्र बिश्नोई को गिरफ्तार किया। अटलादरा थाने में गुजरात प्रोहिबिशन एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
Updated on:
3 Nov 2026, 10:10 PM IST
Published on:
3 Nov 2026, 10:10 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.