
घटना स्थल पर कार में मौजूद आरोपी कार चालक।
Ahmedabad. शहर के निकोल इलाके में सोमवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। शराब के नशे में धुत कार चालक ने फुटपाथ पर सोफे के कवर बेच रहे एक परिवार और खरीदी कर रहे दो ग्राहकों को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में मां और उसके 15 वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि ग्राहक दंपती गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर इकट्ठा हुई लोगों की भीड़ ने आरोपी कार चालक को पकड़ लिया। उसकी कार से बीयर के 6 कैन भी बरामद हुए हैं।
ट्रैफिक उपायुक्त (पूर्व) एन.एम.कणजरिया ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि यह दुर्घटना सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे निकोल में देवस्य चार रास्ता से डीमार्ट चार रास्ता की ओर जाने वाले रोड पर ब्राइट चाइल्ड स्कूल के सामने हुई। ओढ़व अर्बुदा नगर निवासी पूनम नगवाड़िया (30) , उनके 15 वर्षीय बेटे सागर के साथ फुटपाथ पर सोफे के कवर बेच रही थीं। इसी दौरान निकोल के शाश्वत रेजिडेंसी निवासी कार्तिक वसोया और उनकी पत्नी स्नेहल के साथ सोफे के कवर खरीद रहे थे। इसी समय तेज रफ्तार कार ने कार्तिक, उनकी पत्नी और सोफा बेच रही महिला व उसके बेटे को टक्कर मार दी। कार्तिक साइड में गिर गए और अन्य तीनों को कुचलते हुए कार आगे दीवार से जा टकराई। इस घटना में जख्मी चारों लोगों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उपचार के दौरान पूनम नगवाडिया और उसके बेटे सागर की मौत हो गई। जबकि कार्तिक और उनकी पत्नी जख्मी हैं।
घटना के बाद एकत्र हुई भीड़ ने आरोपी कार चालक को दबोच लिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। कार से बीयर के छह टीन (कैन) बरामद हुए हैं। चालक का नाम विरल चौधरी है। आरोपी नाना चिलोडा में रहता है। इस संबंध में आइ डिवीजन ट्रैफिक पुलिस थाने में कार्तिक की शिकायत पर आरोपी चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी की कार से बीयर के टीन बरामद होने के चलते इसके विरुद्ध निकोल पुलिस स्टेशन में प्रोहिबिशन एक्ट के तहत अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है।
Updated on:
3 Nov 2026, 10:30 PM IST
Published on:
3 Nov 2026, 10:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.