विविध भारत

Weather Forecast: सर्दी ने तोड़ा 30 वर्षों का रिकॉर्ड, दिल्ली में कोहरा बढ़ाएगा मुश्किल

Weather Forecast देश के ज्यादातर इलाकों में ठिठुरन ने बढ़ाई मुश्किल उत्तर भारत में अगले कुछ दिन जारी रहेगा शीतलहर का प्रकोप श्रीगनर में सर्दी ने तोड़ा तीन दशक का रिकॉर्ड

2 min read
Jan 15, 2021
सर्दी ने तोड़ा 30 वर्षों का रिकॉर्ड

नई दिल्ली। मौसम लगातार करवट ( weather update ) ले रहा है। पहाड़ों पर बर्फबारी ( Snowfall ) के बाद अब तापमान में आ रही गिरावट लोगों के लिए मुसीबत बढ़ा रही है। जम्मू-कश्मीर में जोरदार बर्फबारी ने मैदानी इलाकों में जबरदस्त ठिठुरन बढ़ा दी है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान ने पिछले 30 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है

वहीं राजधानी दिल्ली में भी हाड़ कंपाने वाली सर्दी पड़ रही है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक घना कोहरा राजधानीवासियों को लिए मुश्किल बढ़ा सकता है।

इस वजह से गिर रहा तापमान
उत्तर भारत में इस वक्त हाड़ कंपा देने वाली सर्दी के जूझ रहा है। रोजाना तापमान में रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की जा रही है। IMD के मुताबिक फिलहाल इस शीतलहर से राहत मिलने वाली नहीं है। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों से मैदानी इलाकों में चल रही ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण उत्तर भारत में तापमान और गिर गया है।

श्रीनगर में टूटा तीन दशकों का रिकॉर्ड
घाटी में शीतलहर का प्रकोप जारी है। यहां की डल झील और कई अन्य जलाशयों के अधिकांश हिस्सों में पानी जम गए हैं। श्रीनगर में बीती रात पिछले तीन दशक यानी तीस वर्षों में सबसे ठंडी रात रही।

यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इससे पहले 1995 में श्रीनगर में तापमान शून्य से नीचे 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि 1991 में तापमान शून्य से नीचे 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

श्रीनगर में अब तक का सबसे कम तापमान 1893 में शून्य से 14.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।

दिल्ली में घना कोहरा बढ़ाएगा मुश्किल
राजधानी में कुछ दिन शीत लहर और कोहरे का सितम जारी रहेगा। कई इलाकों में शुक्रवार सवेरे से कोहरा छाना शुरू हो गया है। आईएमडी के मुताबिक अगले 48 घंटों तक दिल्ली की सड़कों पर घना कोहरा वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनेगा। आने वाली18 तारीख के बाद से न्यूनतम तापमान के छह से सात डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।

गुरुवार को भी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री तक पहुंचने से सर्द हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। न्यूनतम तापमान में सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई।

यहां बारिश के आसार
शुक्रवार को देश के दक्षिण इलाकों में बारिश के आसार बने हुए हैं। इनमें खास तौर से तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप के कुछ हिस्से शामिल हैं। यहां हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. 24 घंटों के बाद बारिश में कमी आएगी।

Published on:
15 Jan 2021 07:50 am
Also Read
View All