विविध भारत

Weather Update: दिल्ली में ठंड ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड, शीतलहर की चपेट में देश के कई राज्य

Weather Update देश के 8 से ज्यादा राज्यों में जारी रहेगा शीतलहर का प्रकोप दिल्ली में सर्दी ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री नीचे किया गया दर्ज

3 min read
Dec 18, 2020
Weather Update
देशभर के अधिकांश राज्यों में मौसम हुआ सर्द

नई दिल्ली। देशभर के ज्यादातर इलाकों में इन दिनों मौसम का मिजाज ( weather update ) सर्द हो गया है। खास तौर पर उत्तर भारत शीतलहर ( Cold Waves ) की चपेट में है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दो दिन देश के 8 से ज्यादा राज्यों में शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। वहीं राजधानी दिल्ली में बीता दिन सबसे ज्यादा सर्द रहा। दिल्ली में ठंड ने पिछले 10 वर्ष का रिकॉर्ड भी तोड़ा।

राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग शुक्रवार को दिल्ली में तीन डिग्री सेल्सियस तक न्यूनतम पारा गिरने की संभावना व्यक्त की है। यानि 18 दिसंबर को दिल्ली में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ने के आसार हैं। जबकि दक्षिण के तीन से ज्यादा राज्यों में बारिश का भी अलर्ट है।

शीतलहर की चपेट में रहेंगे ये राज्य
IMD के मुताबिक देश के कई राज्य शुक्रवार को भी शीतलहर की चपेट में रहेंगे। इनमें पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलावा लद्दाख, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और राजधानी दिल्ली में शीतलहर का प्रकोप जारी रहने का पूर्वानुमान है।

छाया रहेगा कोहरा
खास बात यह है कि इन राज्यों में सुबह और रात के अलावा पूरा दिन ठिठुरन रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक इन राज्यों के ज्यादातर इलाकों में धुंध और कोहरे के भी छाए रहने की संभावना है।

इसके साथ ही मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर में भी कोहरे की आशंका जाहिर की है।

दिल्ली ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड
दिल्ली में बीता दिन यानी गुरुवार सबसे ठंडा रहा। यहां पारा सामान्य से सात डिग्री नीचे 15.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री था। खास बात यह है कि ये पिछले 10 वर्षों में सबसे सर्द दिन रहा। इससे पहले 2011 में 16 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री था।

18 दिसंबर को भी बन सकता है रिकॉर्ड
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली पर सर्दी का सितम अभी शुरू ही हुआ है। ये असर शुक्रवार को भी जारी रहेगा। 18 दिसंबर को शीतलहर चलेगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को मानें तो शुक्रवार को पारा 3 डिग्री तक पहुंच सकता है। ऐसा हुआ तो यह दिसंबर के तीसरे हफ्ते का रिकॉर्ड होगा।

किसे कहते हैं ठंडा दिन
मौसम विभाग के मुताबिक ठंडा दिन उसे कहते हैं जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम होता है।

इसलिए बढ़ रही ठंड
राजधानी दिल्ली और आस-पास के इलाकों में ठंड में इजाफे की सबसे बड़ा वजह पश्चिमी हिमालयी हवाओं का चलना है।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
आईएमडी के मुताबिक देश के दक्षिण राज्यों में अभी भी बारिश का दौर जारी रहेगा। शुक्रवार को तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, केरल और अंडमान निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

Published on:
18 Dec 2020 07:53 am