
Akola leader murder: महाराष्ट्र के अकोला शहर में कांग्रेस की एक महिला पार्षद के पति की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को कथित तौर पर पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी ने आरोपी को भागने से पहले ही दबोच लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान याकूब खान यूनुस खान (57) के रूप में हुई है। उनकी पत्नी रफिया बी याकूब खान अकोला महानगरपालिका के वार्ड-17 से कांग्रेस की पार्षद हैं। हालांकि याकूब अपने मिलनसार, मददगार और सामाजिक स्वभाव के कारण शहर में एक खास जगह रखते थे। इसलिए उनके निधन से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मंगलवार दोपहर को याकूब खान रेलवे स्टेशन और अग्रसेन चौक के बीच दोपहिया वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान जिजाऊ हॉल परिसर में सामने से आ रहे वसीम अहमद ने कथित तौर पर अपनी गाड़ी उनकी बाइक से टकरा दी। इसके बाद उसने चाकू निकालकर याकूब खान पर ताबड़तोड़ कई वार किए। गंभीर रूप से घायल याकूब खान को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद खान ने दम तोड़ दिया।
हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था। तभी आसपास मौजूद पुलिस कांस्टेबल प्रवीण धगेकर ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और सीधे पुलिस थाने ले गए। इसके बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस का कहना है कि आरोपी और मृतक के बीच पहले से विवाद और रंजिश चली आ रही थी। इसी पुरानी दुश्मनी के चलते इस हत्या को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पुराने विवाद के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।