मुंबई

राजीव गांधी की तरह हत्या का शक… अजित पवार के विमान हादसे पर NCP नेता का सनसनीखेज दावा

अजित पवार के विमान हादसे को लेकर एनसीपी विधायक अमोल मिटकरी ने कई गंभीर सवाल उठाये हैं। उनके दावों के बाद राज्य की सियासत में नई बहस छिड़ गई है।

2 min read
Feb 23, 2026
Ajit Pawar Plane crash Investigation
अजित पवार के विमान दुर्घटना की जांच रिपोर्ट पर सवाल उठे (Photo: IANS)

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विधायक अमोल मिटकरी ने पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे को लेकर बेहद चौंकाने वाले सवाल खड़े किए हैं। अकोला जिले के बालापुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मिटकरी ने इस हादसे की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या से कर दी। उन्होंने सीधे तौर पर पूछा कि विमान उड़ाने वाले पायलट सुमित कपूर क्या आत्मघाती हमलावर (Suicide Bomber) थे?

विमान क्रैश होना क्या साजिश थी?

एनसीपी नेता अमोल मिटकरी ने कहा कि जिस तरह ‘लिट्टे’ (LTTE) ने राजीव गांधी की हत्या की थी, क्या उसी तरह अजित पवार को भी मारा गया है? उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि हादसे के समय मौजूद पायलट सुमित कपूर क्या सुसाइड बॉम्बर के तौर पर आये थे? अगर उनकी पत्नी यह दावा कर रही है कि वह जीवित हैं, तो क्या वास्तव में विमान दुर्घटना में सुमित कपूर की मौत हुई थी?

मिटकरी ने कहा कि अजित पवार के विमान हादसे के आसपास कई रहस्य हैं और ऐसे में महाराष्ट्र का इतना शांत रहना भी अपने आप में सवाल खड़े करता है।   

ब्लैक बॉक्स और CCTV फुटेज पर उठे सवाल

मिटकरी ने हादसे की तकनीकी जांच पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि ‘ब्लैक बॉक्स’ का डेटा कुछ दिन बाद सार्वजनिक किया जाता है तो समझा जा सकता है, लेकिन एयरपोर्ट और संबंधित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज अब तक सामने क्यों नहीं लाए गए?

उन्होंने यह भी पूछा कि अजित पवार के विमान के पहले वाले पायलट कैप्टन साहिल मदन और यश उस दिन किस ट्रैफिक में फंसे थे? उनके ठिकाने और उस समय के सीसीटीवी फुटेज अब तक सामने क्यों नहीं आए हैं? दोनों इस समय कहां हैं?

मिटकरी के मुताबिक, अजित पवार की मौत एक अनसुलझी पहेली जैसा हो गया है। सच सामने आना जरूरी है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र ने एक ऐसा नेता खो दिया, जिसकी राजनीतिक समझ और प्रशासनिक पकड़ अलग पहचान रखती थी।

CBI करेगी पूरे मामले की जांच

इन गंभीर आरोपों के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पूरा राज्य इस समय शोक में है और लोगों के मन में उठ रहे जायज सवालों के जवाब मिलना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में डीजीसीए (DGCA) इस घटना की जांच कर रहा है, लेकिन अब सरकार ने इस मामले की सीबीआई (CBI) जांच कराने का निर्णय लिया है।

सीएम फडणवीस ने यह भी स्वीकार किया कि वीएसआर (VSR) कंपनी के विमानों का उपयोग वे स्वयं और देश के कई अन्य बड़े नेता करते रहे हैं। इसलिए सभी संदेहों का समाधान पारदर्शी तरीके से होना जरूरी है।

अब सभी की निगाहें सीबीआई की जांच पर टिकी हैं कि क्या अजित पवार के उस आखिरी सफर का सच कभी सामने आ पाएगा।

Updated on:
23 Feb 2026 11:11 am
Published on:
23 Feb 2026 10:59 am