मुंबई

‘राम मंदिर लुटेरों को हिंदू माफ नहीं करेगा’, उद्धव ने भाजपा पर बोला हमला, 5 जुलाई को ‘राम रक्षा’ आंदोलन का ऐलान

Ayodhya Ram Mandir Donation Row: अयोध्या राम मंदिर की दानपेटी और चंदा निधि में कथित गड़बड़ी को लेकर उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला। 5 जुलाई को दादर के हनुमान मंदिर के बाहर 'रामरक्षा' आंदोलन का ऐलान किया।
2 min read
Jul 03, 2026
Uddhav Thackeray on Ram Mandir donation scam
उद्धव ठाकरे (Photo: IANS/File)

Uddhav Thackeray Ram Raksha Andolan: अयोध्या के श्रीराम मंदिर की दानपेटी और चंदा निधि में कथित गड़बड़ी के आरोपों को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भाजपा (BJP) पर तीखा हमला बोला है। मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर के नाम पर जुटाई गई आस्था की कमाई पर डाका डाला गया है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर जवाब मांगने के लिए उनकी पार्टी 5 जुलाई को मुंबई के दादर स्थित हनुमान मंदिर के बाहर 'राम रक्षा’ आंदोलन करेगी।

उद्धव ठाकरे ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था का आंदोलन था। उनका आरोप है कि भाजपा ने इसी आंदोलन की बदौलत अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाई, लेकिन अब उसी राम मंदिर को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

'राम मंदिर पर डाका पड़ा, जवाब देना होगा'

मीडिया से बात करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि भाजपा की सत्ता आने से पहले राम मंदिर आंदोलन में पूरे देश के हिंदुओं ने हिस्सा लिया था। उन्होंने कारसेवकों पर हुए अत्याचार, गोधरा कांड, अहमदाबाद दंगों और मुंबई की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि हिंदुओं के संघर्ष को राजनीतिक पूंजी बनाकर भाजपा ने अपनी ताकत बढ़ाई।

उन्होंने आरोप लगाया कि आज राम मंदिर का मुद्दा आस्था के बजाय कथित वित्तीय गड़बड़ियों की वजह से चर्चा में है। ठाकरे ने कहा कि जिस तरह राजनीतिक दलों को तोड़ने और विधायकों की खरीद-फरोख्त को अलग-अलग नाम दिए जाते हैं, उसी तरह अब सवाल उठ रहा है कि क्या भाजपा 'ऑपरेशन राम मंदिर' चला रही है। उन्होंने दावा किया कि राम मंदिर की निधि में कथित गड़बड़ी के संबंध में सबूत भी सामने आए हैं और कुछ लोगों का कहना है कि इस पैसे का इस्तेमाल राजनीतिक गतिविधियों में किया जा रहा है। उन्होंने इसे बेहद गंभीर मामला बताया।

5 जुलाई को दादर में होगा 'राम रक्षा' आंदोलन

उद्धव ठाकरे ने घोषणा की कि 5 जुलाई (रविवार) को दादर स्थित हनुमान मंदिर के सामने उनकी पार्टी की ओर से 'राम रक्षा आंदोलन' आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी हिंदुओं और रामभक्तों से, चाहे वे किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े हों, इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह केवल शिवसैनिकों का कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि उन सभी लोगों का आंदोलन होगा जो राम मंदिर से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना चाहते हैं।

Updated on:
03 Jul 2026 03:29 pm
Published on:
03 Jul 2026 03:04 pm