मुंबई

‘2029 से पहले देवेंद्र फडणवीस बनें प्रधानमंत्री’: कांग्रेस के बड़े नेता ने जताई इच्छा, बताई यह बड़ी वजह

Congress on Devendra Fadnavis: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि उनकी इच्छा है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस 2029 से पहले देश के प्रधानमंत्री बनें। उन्होंने कहा कि कम से कम एक बार मराठी व्यक्ति पीएम पद पर आसीन हो।
2 min read
Aug 25, 2026
Congress on Devendra Fadnavis
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने की पीएम मोदी से मुलाकात (Photo: IANS/File)

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के भाजपा के संसदीय बोर्ड में दोबारा चुने जाने के बाद उनके सियासी भविष्य को लेकर अटकले तेज हो गई हैं। इसी बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने फडणवीस के प्रधानमंत्री बनने की संभावनाओं को लेकर बड़ा बयान दिया है। वडेट्टीवार ने कहा कि उनकी इच्छा है कि देवेंद्र फडणवीस 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले ही प्रधानमंत्री बनें, क्योंकि 2029 के बाद उनके पास प्रधानमंत्री बनने का मौका नहीं रहेगा।

महाराष्ट्र विधानसभा में कांग्रेस के विधायदल नेता विजय वडेट्टीवार ने यहां तक कहा कि देश को कम से कम एक बार मराठी व्यक्ति प्रधानमंत्री के रूप में मिलना चाहिए। उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है।

‘एक बार तो मराठी व्यक्ति बने PM’

पूर्व कैबिनेट मंत्री विजय वडेट्टीवार ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने हैं और इसी वजह से भाजपा ने उन्हें पार्टी की वरिष्ठ समिति यानी संसदीय बोर्ड में जगह दी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने नेताओं को किस पद पर रखना चाहती है, यह पार्टी का आंतरिक मामला है। हालांकि, उन्होंने कहा, “हमारी इच्छा है कि देवेंद्र फडणवीस 2029 से पहले प्रधानमंत्री बनें। 2029 के बाद तो उनके पास कोई मौका नहीं होगा। कम से कम एक बार मराठी व्यक्ति प्रधानमंत्री बने, ऐसी हमारी इच्छा है।”

वडेट्टीवार ने यह भी कहा कि अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा फडणवीस को आगे किस तरह की जिम्मेदारी देती है या उन्हें महाराष्ट्र तक ही सीमित रखती है।

दिल्ली जाने की अटकलों पर क्या बोले फडणवीस?

सीएम फडणवीस को केंद्र की राजनीति में भेजे जाने की अटकलें पिछले कुछ समय से लगातार लगती रही हैं। पिछले सप्ताह केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल की चर्चाओं के बीच फडणवीस ने खुद इन अटकलों को खारिज कर दिया था।

17 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली में मुलाकात के बाद फडणवीस ने कहा था कि जब भी वह दिल्ली आते हैं, उनके केंद्र की राजनीति में जाने की चर्चाएं शुरू हो जाती हैं। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि फिलहाल उनका दिल्ली जाने का कोई इरादा नहीं है।

‘मैं महाराष्ट्र में हूं और महाराष्ट्र में ही रहूंगा’

केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने कहा था कि इस तरह की चर्चाएं हर बार तब शुरू हो जाती हैं, जब वह दिल्ली आते हैं। उन्होंने इन अटकलों को बेबुनियाद बताया।

फडणवीस ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह फिलहाल महाराष्ट्र में हैं और महाराष्ट्र में ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें महाराष्ट्र की जिम्मेदारी दी है और वह राज्य की जनता की सेवा कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। लोग चाहे तरह-तरह की अटकलें लगाएं, लेकिन उनका ध्यान महाराष्ट्र की जिम्मेदारी निभाने पर है।

संजय राउत के बयान के बाद शुरू हुई थी चर्चा

फडणवीस के दिल्ली जाने और केंद्र सरकार में मंत्री बनाए जाने की अटकलों को उस समय और बल मिला था, जब शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने दावा किया था कि फडणवीस को जल्द दिल्ली भेजा जा सकता है और उन्हें पीएम मोदी के मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।

हालांकि, फडणवीस ने खुद इन चर्चाओं को खारिज करते हुए साफ कर दिया कि वह महाराष्ट्र में ही रहकर मुख्यमंत्री के तौर पर काम करना चाहते हैं। अब कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार के ताजा बयान ने एक बार फिर राजनीतिक बहस छेड़ दी है।

Updated on:
25 Aug 2026 02:22 pm
Published on:
25 Aug 2026 02:22 pm