मुंबई

Jalgaon: 6 दिन पहले ही हुई थी शादी, हाथों की मेहंदी भी नहीं थी उतरी! मायके जाते समय दुल्हन की दर्दनाक मौत

Newly Married Woman Died: महाराष्ट्र के जलगांव में शादी के महज छह दिन बाद मायके जा रही 21 वर्षीय नवविवाहिता वैशाली की सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी है।
2 min read
Jul 14, 2026
Newly Married Woman Death in Maharashtra
शादी के 6 दिन बाद दुल्हन की दर्दनाक मौत (Photo: X_marathi)

Maharashtra Road Accident: शादी के महज छह दिन बाद मायके जाने की खुशियां मातम में बदल गईं। महाराष्ट्र के जलगांव में उत्तर महाराष्ट्र विश्वविद्यालय के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर अज्ञात चारपहिया वाहन ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय नवविवाहिता वैशाली पाटिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके चाचा प्रवीण पाटिल गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

शादी के महज छह दिन बाद हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, वैशाली पाटिल मूल रूप से अमलनेर तहसील के कोलपिंप्री गांव की रहने वाली थीं। वैशाली की शादी इसी 7 जुलाई को जलगांव के देवराम नगर निवासी विजय पाटिल के साथ धूमधाम से हुआ था। शादी की सभी रस्में पूरी करने के बाद नवविवाहित जोड़ा भगवान के दर्शन के लिए कई मंदिरों में गया था। इसके बाद शादी की अगली रस्मों और पहली बार मायके लौटने के लिए वैशाली के चाचा उसे लेने जलगांव पहुंचे थे। मायके जाने को लेकर वैशाली काफी उत्साहित थीं, आंखों में नए संसार के सपने थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

बताया जा रहा है कि दोपहर का भोजन करने के बाद वैशाली अपने चाचा के साथ बाइक से कोलपिंप्री के लिए रवाना हुई थीं। शाम करीब चार बजे उत्तर महाराष्ट्र विश्वविद्यालय के करीब पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैशाली के सिर में गंभीर चोट आई और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं

हादसे की सूचना मिलते ही मायके और ससुराल पक्ष के लोग तुरंत सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंच गए। कुछ दिन पहले तक जहां शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहीं अब पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। नवविवाहिता का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शादी के सिर्फ छह दिन बाद ही वैशाली की मौत से दोनों परिवार गहरे सदमे में हैं।

फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद अज्ञात चारपहिया वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी व उसकी गाड़ी की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Updated on:
14 Jul 2026 07:40 am
Published on:
14 Jul 2026 07:40 am