
पिता ने पहले 2 मासूम बच्चों को करंट से मार डाला, फिर खुद भी दे दी जान (Photo: X/@greatandhranews)
Tamil Nadu Suicide Case: तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पुदुकोट्टई के पास सावेरियारपुरम में 40 वर्षीय एक पिता ने पहले अपने दो बच्चों की करंट लगाकर हत्या कर दी और फिर उसी बिजली के तार से खुद भी जान दे दी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मैरी माइकल के रूप में हुई है, जो ट्रक चालक था। उसकी 14 वर्षीय बेटी मैरी निरोशा, जो कक्षा 9 की छात्रा थी और सातवीं में पढ़ने वाला 12 वर्षीय बेटा मैरी केनिस्टन की भी इस घटना में मौत हुई है। दोनों इलाके के ही एक निजी स्कूल में पढ़ते थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब छह महीने पहले माइकल की पत्नी उसे और बच्चों को छोड़कर दूसरे व्यक्ति के साथ रहने चली गई थी। इस घटना के बाद वह गहरे मानसिक तनाव में रहने लगा था। उसने ट्रक चलाने का काम भी छोड़ दिया था और कभी-कभार पेंटिंग का काम करके परिवार का गुजर-बसर कर रहा था।
यह खौफनाक वारदात शुक्रवार रात की है। पुलिस के मुताबिक, माइकल रात में अपने बच्चों के लिए बाहर से खाना लेकर आया था। बच्चों को खाना खिलाने के बाद उसने उन्हें सोने के लिए भेज दिया। जब बच्चे गहरी नींद में सो गए, तो माइकल ने उनके शरीर पर बिजली के नंगे तार बांध दिए और उन्हें सीधे बिजली के बोर्ड से जोड़ दिया। करंट लगने से दोनों मासूमों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद माइकल ने कथित तौर पर खुद भी उसी तार के जरिए अपनी जान ले ली।
माइकल के 75 वर्षीय पिता एंथनी भी साथ में उसी घर में रहते थे, लेकिन घटना के समय वह कमरे के बाहर सो रहे थे। शनिवार दोपहर तक जब कमरे का दरवाजा अंदर से नहीं खुला, तो बुजुर्ग पिता को चिंता हुई। उन्होंने तुरंत पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुदुकोट्टई पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा देखकर हर कोई सन्न रह गया। पिता और दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े मिले। उनके शरीर पर बिजली के तार बंधे हुए थे।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए तूतीकोरिन सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
Updated on:
12 Jul 2026 08:52 pm
Published on:
12 Jul 2026 08:45 pm
