13 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बुजुर्ग ट्रक ड्राइवर, बुखार की दवा और एक झपकी! पुणे में 3 महिला श्रद्धालुओं की मौत मामले में बड़ा खुलासा

Pune Accident: प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 70 वर्षीय ट्रक चालक सर्दी और बुखार से पीड़ित था। उसने इसके लिए दवा ली थी। पुलिस को आशंका है कि दवा लेने के कारण चालक को झपकी आ गई, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और यह दर्दनाक हादसा हो गया। हालांकि, दुर्घटना के सही कारणों की पुष्टि के लिए पुलिस जांच कर रही है।
2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Jul 13, 2026

Pune Wari road accident

पुणे में वारकरियों को ट्रक ने कुचला, 3 महिलाओं की मौत, 4 ICU में भर्ती (Photo: X/@mayuganapatye)

Pune varkari Accident: महाराष्ट्र के पुणे जिले में सोमवार सुबह भगवान विट्ठल की पालखी यात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। जेजुरी मार्ग पर वारकरियों (भगवान विट्ठल के भक्तों) के साथ चल रहे एक ट्रक ने सात महिला वारकरियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को जेजुरी के अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे।

सुबह-सुबह अनियंत्रित ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला

पुलिस के अनुसार, हादसा आज सुबह करीब साढ़े आठ बजे बेलसर टोल प्लाजा से लगभग 500 मीटर दूर हुआ। पुलिस अधीक्षक (पुणे ग्रामीण) संदीप सिंह गिल ने बताया कि नांदेड़ जिले के लोहा स्थित रंगनाथ महाराज पोखरबिसिकर डिंडी का ट्रक वाहनों के लिए निर्धारित लेन में जेजुरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसने सांगली जिले की एक डिंडी (तीर्थयात्रियों का समूह) की कई महिला वारकरियों को कुचल दिया।

ओवरटेक करने के चक्कर में महिलाओं को कुचला

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 70 वर्षीय आरोपी ट्रक चालक की तबीयत दो दिनों से ठीक नहीं थी और उसने बुखार तथा सर्दी-जुकाम की दवा ली हुई थी। पुलिस के मुताबिक, चालक किसी दूसरे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसने ट्रक को बाईं ओर मोड़ दिया, जहां पैदल चल रही महिलाएं चपेट में आ गईं। पुलिस चालक की चिकित्सकीय स्थिति समेत हादसे के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है। उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।

इस हादसे में सांगली जिले के मिरज तालुका की रहने वाली नंदा पवार (60), माधवी राजाराम सलगारे (55) और राजश्री शंकर भोसले (55) की मौत हो गई। वहीं, घायल चार महिलाओं का जेजुरी के अस्पताल में इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया और यातायात व्यवस्था को सामान्य करने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

नियमों की अनदेखी बनी हादसे की वजह!

हर साल महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से लाखों वारकरी पंढरपुर वारी में शामिल होकर भगवान विट्ठल के दर्शन के लिए पैदल यात्रा करते हैं। इस वर्ष आषाढ़ी एकादशी 25 जुलाई को मनाई जाएगी। पुलिस के अनुसार, वारी के दौरान सड़क पर डिवाइडर लगाकर वाहनों और पैदल श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग लेन बनाई गई थी। हालांकि, कुछ वारकरी बीच-बीच में वाहनों वाली लेन में भी चल रहे थे। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सभी कारणों की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

बड़ी खबरें

View All

राज्य

ट्रेंडिंग