
Congress Leader Kailas Fate Accident: महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में खामगांव के पास मुंबई-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कैलास फाटे की कार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। कैलास फाटे और उनके चालक को मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है। वहीं, कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह महज सड़क हादसा नहीं था, इसके पीछे कोई साजिश हो सकती है।
मिली जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के उपाध्यक्ष कैलास फाटे अपनी कार से मुंबई-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर कर रहे थे। इसी दौरान खामगांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में विदर्भ क्षेत्र के कद्दावर नेता कैलास फाटे को मामूली चोटें लगी। राहत की बात यह रही कि वह और उनके चालक दोनों की जान बच गई।
हादसे के बाद कांग्रेस की स्थानीय इकाई की ओर से आशंका जताई गई है कि यह सामान्य सड़क दुर्घटना होने के बजाय योजना बनाकर किया गया हमला भी हो सकता है। पार्टी नेताओं का संदेह है कि कैलास फाटे की सक्रिय राजनीतिक भूमिका को देखते हुए इस घटना के पीछे कोई खतरनाक साजिश हो सकती है।
हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा।
कैलास फाटे महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के उपाध्यक्ष हैं और विदर्भ क्षेत्र काफी सक्रीय हैं। बताया जा रहा है कि वह राज्य में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए लंबे समय से काम कर रहे हैं और हाल के वर्षों में पार्टी की गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ी है।
हादसे की परिस्थितियों को देखते हुए कांग्रेस की ओर से इस घटना के पीछे राजनीतिक साजिश की आशंका व्यक्त की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।