मुंबई

सिंधुदुर्ग: एकतरफा प्यार में 23 वर्षीय छात्रा दामिनी की हत्या, शादी की बात सुन सनकी आशिक ने किए 18 वार

Maharashtra Love Affair Crime: महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में 23 वर्षीय छात्रा दामिनी पालव की हत्या के मामले में आरोपी साहिल धुरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात में इस्तेमाल की गई चाकू को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
2 min read
• •
Oct 20, 2026
Damini Palav murder news Sindhudurg
सिंधुदुर्ग में एकतरफा प्यार में युवती की हत्या, आरोपी 24 अक्टूबर तक हिरासत में (Photo: X/@policekaka)

Damini Palav Murder Case: महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में 23 वर्षीय कॉलेज छात्रा दामिनी किरण पालव की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी साहिल विश्राम धुरी (22) को गिरफ्तार किया है। कुडाल तालुका के वर्दे गांव में हुई इस वारदात की शुरुआती जांच में एकतरफा प्यार को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, दामिनी ने आरोपी के प्रेम प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। जांच में यह भी सामने आया कि दामिनी की शादी तय होने से साहिल बेहद नाराज था। उसे अदालत ने 24 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजा है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, दोपहिया वाहन और दोनों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

बस स्टैंड पर रोका रास्ता, शादी की बात सुन किया ताबड़तोड़ हमला

यह घटना शनिवार शाम करीब 6 बजे सिंधुदुर्ग जिले के कुडाल तालुका के वर्दे गांव स्थित पालववाड़ी के कुंभारवाड़ी इलाके में हुई थी। होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रही दामिनी कॉलेज से एसटी बस से अपने गांव पहुंची थी और घर जा रही थी। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी साहिल धुरी कथित तौर पर घटनास्थल पर उसका इंतजार कर रहा था।

आरोप है कि साहिल ने दामिनी का रास्ता रोककर उस पर अपना प्रेम प्रस्ताव स्वीकार करने का दबाव बनाने लगा। लेकिन जब दामिनी ने इनकार किया तो उसने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर तौर पर घायल हुई दामिनी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, उसके शरीर पर चाकू से 17 से 18 वार किए जाने के निशान थे।

सोशल मीडिया से हुई थी पहचान

पुलिस की जांच में सामने आया है कि साहिल और दामिनी की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। इसके बाद साहिल कथित तौर पर दामिनी से एकतरफा प्रेम करने लगा था। उसे जब पता चला कि दामिनी की किसी और से शादी होने वाली है तो वह नाराज हो गया और उसने हत्या की योजना बनाई।

हत्या में इस्तेमाल चाकू और मोबाइल जब्त

हत्या के बाद फरार हुए आरोपी साहिल धुरी को सिंधुदुर्ग पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा ने उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके खून से सने कपड़े भी जब्त किए हैं। इसके अलावा, कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, दोपहिया वाहन और दामिनी व साहिल के मोबाइल फोन भी जांच के लिए जब्त किए गए हैं।

पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर भी पूछताछ कर चुकी है। जांच के दौरान जब्त किए गए सामान और डिजिटल साक्ष्यों की मदद से घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

24 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में आरोपी

आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। अदालत में पेश किए जाने के बाद उसे 24 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या की योजना कैसे बनाई गई, आरोपी ने किन परिस्थितियों में वारदात को अंजाम दिया और मामले में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Updated on:
20 Oct 2026 04:47 pm
Published on:
20 Oct 2026 04:00 pm