
अंबरनाथ में शिक्षक की शर्मनाक करतूत (Photo: IANS/File)
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ (Ambernath) शहर से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा को कम मार्क्स मिलने का डर दिखाकर और पढ़ाई में मदद करने का झांसा देकर एक शिक्षक ने बार-बार दुष्कर्म किया। 27 वर्षीय आरोपी शिक्षक कल्याण के एक निजी कोचिंग क्लास में फिजिक्स पढ़ाता है। 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा की शिकायत के आधार पर अंबरनाथ के शिवाजीनगर पुलिस थाने में पॉक्सो (POCSO) और बीएनएस (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, अंबरनाथ की रहने वाली छात्रा कल्याण के एक निजी कोचिंग क्लास में पढ़ती थी। स्कूल में कम अंक आने के कारण वह 12वीं की परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करना चाहती थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी शिक्षक ने उसे पढ़ाई में मदद करने का भरोसा दिया।
आरोप है कि शिक्षक छात्रा को कल्याण से कोपर रेलवे स्टेशन के आसपास के सुनसान परिसर में ले गया। वहां उसने छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार करने की कोशिश की। शिकायत के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने छात्रा के घर जाकर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने छात्रा की आपत्तिजनक तस्वीरें खींच लीं और बाद में उन्हीं तस्वीरों के आधार पर उसे ब्लैकमेल करने लगा। आरोप है कि तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर उसने छात्रा का बार-बार यौन शोषण किया।
उसने पीड़िता को यह धमकी भी दी थी कि यदि उसने इस बारे में किसी को बताया, तो उसे कोचिंग क्लास से निकलवा देगा। इस धमकी के कारण छात्रा काफी समय तक परेशान रही और किसी को घटना के बारे में नहीं बताया। इसी बात का फायदा उठाकर आरोपी शिक्षक ने कई मौकों पर उसके साथ हैवानियत की।
शिकायत के मुताबिक, काफी तनाव में रहने के बाद छात्रा ने अपनी मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार और रिश्तेदारों की मदद से वह 14 अक्टूबर को शिवाजीनगर पुलिस थाने पहुंची और आरोपी शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के सामने आने के बाद आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। फिलहाल आरोपी शिक्षक फरार बताया जा रहा है।
Updated on:
15 Oct 2026 04:37 pm
Published on:
15 Oct 2026 04:33 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
