Maharashtra New Airport: नए एयरपोर्ट लोगों के लिए वरदान साबित होगी और मुंबई से कोकण का सफर अब केवल एक घंटे में तय किया जा सकेगा।
महाराष्ट्र के कोकण क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रत्नागिरी में जल्द ही नया एयरपोर्ट (Ratnagiri Airport News) यात्रियों के लिए शुरू होने वाला है। रत्नागिरी के संरक्षक मंत्री उदय सामंत ने इस परियोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रत्नागिरी एयरपोर्ट के खुलने के बाद मुंबई और कोकण के बीच का सफर अब केवल एक घंटे में पूरा किया जा सकेगा।
मुंबई से रत्नागिरी की दूरी लगभग 326 किलोमीटर है। सड़क मार्ग से यह दूरी 7-8 घंटे में पूरी होती है। जबकि मुंबई-गोवा हाइवे की खराब स्थिति के कारण सड़क मार्ग से यात्रा का समय और बढ़ जाता है।
मंत्री उदय सामंत ने बताया कि अगले 6-7 महीनों में यह एयरपोर्ट माल और यात्रियों दोनों के लिए पूरी तरह तैयार हो जाएगा। इसका मतलब है कि अप्रैल 2026 तक यह एयरपोर्ट पूरी तरह चालू होगा। इसके अलावा रत्नागिरी फ्लाइंग क्लब की भी स्थापना की जाएगी, जो क्षेत्र में हवाई शिक्षा और छोटे विमान संचालन के लिए नई सुविधा प्रदान करेगा।
इस एयरपोर्ट की सबसे बड़ी खासियत इसकी किफायती टिकट दरें हैं। उदय सामंत ने बताया कि यात्री मात्र 2,000 रुपये में मुंबई से रत्नागिरी तक हवाई यात्रा कर सकेंगे। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि गणेशोत्सव जैसे त्योहारों में यात्री आराम से अपने गांव पहुंच सकेंगे। उन्होंने कहा, किसान मात्र 2,000 रुपये में विमान में बैठकर कोकण पहुंच सकेंगे। 2,000 रुपये में मुंबई से रत्नागिरी पहुंचा जा सकेगा।
रत्नागिरी में हवाई अड्डे का विकास किया जा रहा है। राज्य सरकार ने एयरपोर्ट टर्मिनल भवन के लिए 100 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके शुरू होने से कोकण क्षेत्र की कनेक्टिविटी में सुधार होगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। मुंबई और कोकण के बीच यात्रा अब तेज और सुविधाजनक होगी। इस एयरपोर्ट से रत्नागिरी क्षेत्र का विकास और पर्यटन दोनों ही तेज गति से बढ़ेंगे।