मुंबई

मौसम अपडेट: कोंकण से लेकर विदर्भ तक बारिश का अलर्ट, मराठवाड़ा में बिजली गिरने की चेतावनी

Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में अगले चार-पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। IMD के अनुसार मुंबई, ठाणे और पालघर में हल्की से मध्यम बारिश, कोंकण में मध्यम बारिश और पुणे-सातारा के घाट क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
2 min read
Aug 24, 2026
maharashtra Rain news
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया (Photo: IANS/File)

Maharashtra Rain News: महाराष्ट्र में मानसून की गतिविधियां अगले कुछ दिनों तक जारी रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले चार दिनों तक राज्य के विभिन्न जिलों के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार मुंबई, ठाणे और पालघर में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में लगातार मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

मुंबई, ठाणे और पालघर में पांच दिन बारिश

आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक 24 से 28 अगस्त तक मुंबई, ठाणे और पालघर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। यानी मुंबई और आसपास के इलाकों में बारिश का सिलसिला अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है। वहीं, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में पांचों दिनों के दौरान मध्यम बारिश का अनुमान है।

पश्चिमी घाट में भारी बारिश की संभावना

पुणे, सातारा और कोल्हापुर के घाट क्षेत्रों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है। IMD ने 24 और 25 अगस्त को पुणे घाट, सातारा घाट और कुछ क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद 26 से 28 अगस्त तक इन घाट क्षेत्रों में मध्यम बारिश का अनुमान है।

नासिक और उत्तर महाराष्ट्र में भी बारिश

नासिक जिले में आज हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। फिर 25 और 26 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है। 27 और 28 अगस्त को हल्की बारिश का अनुमान है। नासिक के घाट क्षेत्रों में हालांकि पांचों दिनों मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

धुले, नंदुरबार और जलगांव में भी अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 27 और 28 अगस्त को इन जिलों में बारिश की तीव्रता कम होने का अनुमान है।

संभाजीनगर, जालना समेत मराठवाड़ा में गरज-चमक के साथ बारिश

छत्रपति संभाजीनगर में अगले 24 घंटे हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारों की संभावना है। 25 अगस्त को कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 26 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें, जबकि 27 और 28 अगस्त को हल्की बारिश का अनुमान है।

जालना में भी 25 अगस्त को बिजली चमकने, गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके बाद बारिश की तीव्रता कम होने का अनुमान है।

विदर्भ के इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

विदर्भ के कुछ जिलों में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है। अमरावती में 26 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। भंडारा में अगले 24 घंटे अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। गढ़चिरौली और गोंदिया में 24 और 25 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। नागपुर में आज और कल कुछ स्थानों पर भारी बारिश और 25 अगस्त को एक-दो स्थानों पर बिजली के साथ गरज-चमक की संभावना है।

Updated on:
24 Aug 2026 04:06 pm
Published on:
24 Aug 2026 03:59 pm