
Manoj Jarange 500 crore allegation: महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल की ओर से लगाए गए 500 करोड़ रुपये के आरोपों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पिछले दो दिनों से इस मामले पर चर्चा जारी है। इसी बीच जरांगे ने कथित तौर पर भाजपा की एक बैठक की ऑडियो क्लिप चलाते हुए इसे अपने आरोपों का सबूत होने का दावा किया। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार से इस मामले में ध्यान देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ एक सुनियोजित षड्यंत्र रचा जा रहा है ताकि मराठा समाज के संघर्ष को कमजोर किया जा सके। हालांकि, ऑडियो क्लिप की प्रामाणिकता और उसमें किए गए दावों की पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।
मनोज जरांगे ने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है और मराठा आरक्षण आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि मराठा समाज के खिलाफ बयानबाजी की जा रही है और आंदोलन को बदनाम करने के लिए उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है। इन सबके पीछे कौन लोग हैं, यह मराठा समाज के सामने आना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग मराठा आंदोलन को कुचलना चाहते हैं।
जरांगे ने मराठा समाज से अपील की कि वह इस मामले में सामने आने वाली हर बात पर बारीकी से ध्यान दे। उन्होंने कहा कि चुनाव, आंदोलन और अनशन के दौरान अलग-अलग तरह की साजिशें रची गईं। राज्य में गरीब लोगों के लिए अपने हक की लड़ाई लड़ना मुश्किल होता जा रहा है। जरांगे ने यह भी कहा कि उनके खिलाफ चल रही कथित गतिविधियों से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मनोज जरांगे ने अपने बयान में एकनाथ शिंदे का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शिंदे ने पैसे लेने और देने से इनकार किया था। इसके बाद जरांगे ने सवाल उठाया कि यदि ऐसा है, तो उनके खिलाफ इतनी बड़ी साजिश क्यों रची गई?
इसके बाद उन्होंने एक ऑडियो क्लिप चलाते हुए दावा किया कि यह उनके आरोपों से जुड़े सबूतों में से एक है। जरांगे ने कहा कि वह इस मामले में सामने आ रही बातों को मराठा समाज के सामने रखना चाहते हैं।
बता दें कि हाल ही में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मनोज जरांगे द्वारा लगाए गए 500 करोड़ के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा था कि उन्होंने न तो किसी को पैसे दिए हैं और न ही किसी से लिए हैं। शिंदे ने जरांगे से इन आरोपों के सबूत भी मांगे थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जरांगे जिस ऑडियो क्लिप का हवाला दे रहे हैं, उसे महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की एक कॉन्फ्रेंस मीटिंग का बताया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि बैठक के दौरान भाजपा की आईटी सेल से जुड़ी एक महिला सदस्य ने एकनाथ शिंदे के सांसद बेटे श्रीकांत शिंदे के माध्यम से मनोज जरांगे तक 500 करोड़ रुपये पहुंचने की बात कही थी।
हालांकि, इस कथित बातचीत और आरोपों की 'पत्रिका' पुष्टि नहीं करता है। ऑडियो क्लिप की वास्तविकता, उसमें मौजूद आवाजों की पहचान और बातचीत के पूरे संदर्भ की पुष्टि होना बाकी है।
मनोज जरांगे ने इस पूरे मामले में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से ध्यान देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मराठा समाज को इस मामले की पूरी जानकारी मिलनी चाहिए और उनके खिलाफ कथित साजिश को सामने लाया जाना चाहिए।
फिलहाल 500 करोड़ रुपये के आरोप और कथित ऑडियो क्लिप को लेकर सियासी गलियारें में चर्चा तेज है। इस मामले पर सत्तारूढ़ महायुति के नेता क्या कहते है, इस पर सभी की नजरें टिकी है।