मुंबई

अजित पवार विमान हादसे की रिपोर्ट नशा करके बनाई… AAIB पर भड़के एनसीपी विधायक, लगाया ये आरोप

अजित पवार के विमान हादसे को लेकर एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने हाल ही में 22 पन्नों की एक प्राथमिक रिपोर्ट पेश की। इसके अनुसार, क्रैश होने से पहले विमान एक पेड़ से टकराया था और जमीन पर गिरते ही उसमें आग लग गई।

2 min read
Mar 02, 2026
अजित पवार के विमान दुर्घटना की जांच रिपोर्ट पर सवाल उठे (Photo: IANS)

महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे को लेकर सियासी घमासान थमता नजर नहीं आ रहा। दो दिन पहले एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की ओर से 22 पन्नों की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट पेश की गई, लेकिन इस रिपोर्ट के सामने आते ही नए सवाल खड़े हो गए हैं।

इसी बीच जय पवार द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक कथित वीडियो ने पूरे मामले को और हवा दे दी है। वीडियो में VSR कंपनी के मालिक रोहित सिंह को पायलट सीट पर झपकी लेते हुए दिखाए जाने का दावा किया गया है। इस पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विधायक अमोल मिटकरी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

ये भी पढ़ें

‘पायलट की सीट पर सो रहे, गिरफ्तार करो’, जय पवार ने शेयर किया VSR के मालिक का चौंकाने वाला वीडियो

22 पन्नों की रिपोर्ट को बाताया बेकार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक अमोल मिटकरी ने अजित पवार के प्लेन क्रैश की प्रारंभिक रिपोर्ट की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए हैं और इसे पूरी तरह से 'त्रुटिपूर्ण' बताया है। मिटकरी ने कहा कि रिपोर्ट में बारामती को जिला बताया गया है, विमान के पेड़ से टकराने की बात कही गई है, लेकिन पूरी जांच में कई सवाल अनुत्तरित हैं। निष्कर्ष स्पष्ट नहीं हैं। यह रिपोर्ट देखकर ऐसा लगता है कि इसे शराब या गांजा के नशे में बनाया गया है।

रोहित सिंह की गिरफ्तारी की मांग

अजित पवार के छोटे बेटे जय पवार के पोस्ट किए गए वीडियो का हवाला देते हुए मिटकरी ने कहा कि यदि उड़ान के दौरान पायलट सीट पर झपकी लेने का आरोप सही है तो यह बेहद गंभीर मामला है। इससे यात्रियों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा पैदा होता है।

उन्होंने मांग की कि रोहित सिंह को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और VSR कंपनी के संचालन पर रोक लगाई जाए। उनके अनुसार, जब तक पूरी और निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक कंपनी को उड़ान की अनुमति देना जोखिम भरा हो सकता है।

28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे के बाद से ही राजनीतिक हलकों में हलचल है। प्रारंभिक रिपोर्ट में बताया गया है कि विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से ठीक पहले पेड़ से टकराया और फिर रनवे से करीब 50 मीटर दूर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उस समय दृश्यता लगभग 3,000 मीटर बताई गई थी और पायलट द्वारा उड़ान से पहले शराब सेवन न करने की बात भी रिपोर्ट में कही गई है। हालांकि कई पहलुओं की गहन जांच अभी बाकी है।

AAIB की रिपोर्ट में क्या कहा गया?

एएआईबी की रिपोर्ट के अनुसार, कम दृश्यता (Low Visibility) के बावजूद लैंडिंग का प्रयास करना इस हादसे की एक बड़ी वजह बनकर उभरा है। पेड़ से टक्कर के बाद विमान का संतुलन बिगड़ा और वह रनवे से करीब 50 मीटर बाईं ओर जा गिरा। जमीन से टकराते ही उसमें आग लग गई।

रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के समय दृश्यता निर्धारित वीएफआर (Visual Flight Rules) सीमा से कम थी। इसके बावजूद रनवे 11 पर लैंडिंग का प्रयास किया गया। पहले प्रयास के बाद ‘गो अराउंड’ किया गया, लेकिन दोबारा कोशिश के दौरान विमान नियंत्रण खो बैठा।

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि हादसे के चंद सेकंड पहले कॉकपिट से "Ohh Shit" की आवाज सुनाई दी थी, जो पायलटों की घबराहट और अचानक पैदा हुई गंभीर स्थिति की ओर इशारा करती है। हालांकि एएआईबी ने स्पष्ट किया है कि यह केवल प्रारंभिक रिपोर्ट है। कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डर (CVR) और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (FDR) के विस्तृत तकनीकी विश्लेषण के बाद ही दुर्घटना का अंतिम कारण सामने आएगा।

ये भी पढ़ें

पेड़ से टक्कर, फिर आग का गोला बना विमान- AAIB की रिपोर्ट पर रोहित पवार ने उठाये सवाल, पूछा- ऐसे होगी जांच?

Updated on:
02 Mar 2026 04:52 pm
Published on:
02 Mar 2026 04:51 pm
Also Read
View All

अगली खबर