
Software Engineer Death: दिल्ली के निहाल विहार इलाके में घरेलू विवाद ने एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की जान ले ली। चार महीने के जुड़वां बच्चों की देखभाल को लेकर पति-पत्नी के बीच शुरू हुआ विवाद कथित तौर पर इतना बढ़ गया कि पत्नी के भाइयों व रिश्तेदारों ने घर में घुसकर 31 वर्षीय विनय गुप्ता की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में विनय की पत्नी रेखा गुप्ता समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में विनय की पत्नी रेखा गुप्ता (30), उसके भाई राजू जिंदल (35) और वेद प्रकाश जिंदल (33) तथा राजू की पत्नी और विनय की भाभी पूनम (30) शामिल हैं। राजू चार्टर्ड अकाउंटेंट है, जबकि वेद प्रकाश कारोबारी है।
विनय नोएडा स्थित एडोबी कंपनी में टेक्नोलॉजी प्रोफेशनल के तौर पर काम करता था। उसकी शादी रेखा से करीब साढ़े तीन साल पहले हुई थी। दोनों के चार महीने के जुड़वां बच्चे, एक बेटा और एक बेटी हैं। पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा वैवाहिक विवाद बताया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, घटना से पहले विनय और रेखा के बीच बच्चे को दवा लगाने को लेकर बहस हुई थी। आरोप है कि बच्चे के शरीर में पड़े छालों पर दवा लगाने के लिए जब रेखा ने विनय से कहा तो उनके बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
विनय की बहन कीर्ति ने आरोप लगाया कि इस विवाद के बाद रेखा घर से बाहर चली गई और करीब 10 मिनट बाद अपने भाइयों तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वापस लौटी। उन्होंने घर में मौजूद विनय, माता-पिता और परिवार के अन्य लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
विनय की बहन कीर्ति ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने विनय के साथ मारपीट की और उसका गला दबाया। उन्होंने दावा किया कि आरोपी विनय की छाती पर बैठकर उसे पीट रहे थे। जबकि उसकी पत्नी रेखा चुपचाप खड़ी होकर देख रही थी। पीड़ित परिवार के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था और विनय के ससुराल पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर उसे पहले भी धमकी दी थी।
विनय के पिता प्रेम चंद ने मीडिया को बताया कि जब रेखा के रिश्तेदार घर पहुंचे तो उन्हें लगा कि वे बातचीत करने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने रिश्तेदारों को ऊपर बुलाया और पानी भी दिया। लेकिन जैसे ही विनय घर पहुंचा, आरोपियों ने कथित तौर पर उस पर हमला कर दिया। प्रेम चंद ने बताया कि जब उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उन्हें भी धक्का दिया गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान उनके अंगूठे में चोट आई है और फ्रैक्चर होने की आशंका है।
विनय की मां ने भी आरोप लगाया कि उन्होंने हमलावरों से बेटे को छोड़ने की गुहार लगाई और उन्हें रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी धक्का देकर दूर कर दिया। विनय के बहनोई ने आरोप लगाया कि पूरी घटना के दौरान विनय की पत्नी रेखा वहीं खड़ी होकर हिंसा देखती रही।
घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर कार से आते हुए दिखाई दे रहे हैं। दूसरे फुटेज में खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल विनय को घर से बाहर लाकर एक कुर्सी पर बैठाया जाता दिख रहा है। परिजन तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर विनय की पत्नी और उसके परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ और हत्या में किसकी क्या भूमिका थी।