
Baramati Someshwar Sugar Factory Election Result: पुणे जिले की सोमेश्वर सहकारी चीनी मिल के चुनाव की मतगणना में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस (NCP) के पैनल ने बढ़त बना रखी है। शुरुआती रुझानों में ‘सोमेश्वर विकासपुरुष अजितदादा पवार पैनल’ के उम्मीदवार अभिजीत काकड़े, प्रमोद काकड़े और वसंतराव दगड़े आगे चल रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, इन उम्मीदवारों की बढ़त करीब 3,500 वोटों की बताई जा रही है। अब तक की मतगणना में विरोधी गुट को कोई सीट नहीं मिली है। हालांकि, मतगणना की प्रक्रिया अभी जारी है।
सोमेश्वर सहकारी चीनी मिल की 21 सीटों के लिए रविवार को लगभग 75 फीसदी मतदान हुआ था। सोमवार सुबह 9 बजे मतगणना शुरू हुई। इस चुनाव में तीन पैनलों के बीच मुकाबला है और कई बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। राज्य के डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन के बाद बारामती में कोऑपरेटिव सेक्टर का यह पहला बड़ा चुनाव है।
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के मार्गदर्शन में राष्ट्रवादी कांग्रेस का पैनल चुनाव मैदान में है। दूसरी ओर, राष्ट्रवादी कांग्रेस से बगावत करने वाले पुरुषोत्तम जगताप ने भाजपा के समर्थन से अपना पैनल खड़ा किया था। वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के युवा नेता युगेंद्र पवार के नेतृत्व में भी एक पैनल चुनाव लड़ रहा है।
मतगणना के अब तक के रुझानों में सुनेत्रा पवार समर्थित पैनल आगे दिखाई दे रहा है। अभिजीत काकड़े, प्रमोद काकड़े और वसंतराव दगड़े को बढ़त मिलने से इस पैनल के समर्थकों में उत्साह है।
अब तक सामने आए रुझानों के अनुसार, विरोधी पैनल अपना खाता नहीं खोल पाया है। हालांकि, सभी 21 सीटों के अंतिम परिणाम आने के बाद ही यह साफ होगा कि किस पैनल को कितनी सीटें मिली हैं।
चुनाव से पहले उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने विश्वास जताया था कि सोमेश्वर सहकारी चीनी मिल के चुनाव में उनका पैनल सभी 21 सीटों पर जीत दर्ज करेगा। उनके इस बयान के बाद चुनाव को लेकर राजनीतिक दिलचस्पी और बढ़ गई थी।
अब मतगणना में उनके पैनल की बढ़त के बीच सबकी नजर अंतिम नतीजों पर टिकी है। यह चुनाव केवल सहकारी चीनी मिल के प्रबंधन तक सीमित नहीं है, बल्कि पुणे जिले में राष्ट्रवादी कांग्रेस के दोनों गुटों के राजनीतिक प्रभाव के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सोमेश्वर सहकारी चीनी मिल के चुनाव में इस बार तीन पैनल मैदान में हैं। एक तरफ सुनेत्रा पवार और उनके सांसद बेटे जय पवार के नेतृत्व में एनसीपी समर्थित पैनल है। दूसरी तरफ शरद पवार गुट से युगेंद्र पवार के नेतृत्व वाला पैनल चुनाव लड़ रहा है। वहीं, सुनेत्रा पवार नीत एनसीपी से बगावत करने वाले पुरुषोत्तम जगताप ने भाजपा के समर्थन से अलग पैनल खड़ा किया है। पुरुषोत्तम जगताप के पैनल को ‘जननेता अजितदादा सोमेश्वर विकास पैनल’ नाम दिया गया है, जबकि सुनेत्रा पवार के समर्थित पैनल का नाम ‘श्री सोमेश्वर विकासपुरुष अजितदादा पैनल’ है। पुरुषोत्तम जगताप और भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक संजय जगताप ने जोरशोर से प्रचार किया था।
फिलहाल मतगणना जारी है। अंतिम परिणाम सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि सुनेत्रा पवार के पैनल का 21-0 से जीत का दावा कितना सही साबित होता है।