
Sambhajinagar family tragedy update: छत्रपति संभाजीनगर के वालुज औद्योगिक क्षेत्र स्थित तिसगांव के पास खवड्या डोंगर (पहाड़ी) पर घटी दर्दनाक घटना में अब एक नया और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। शुरुआती दौर में आईफोन की ईएमआई ना चुका पाने को लेकर आत्महत्या की जो खबरें चल रही थीं, परिजनों (चाचा-मौसा) ने उन्हें सिरे से खारिज कर दिया है। टीवी9 मराठी से बातचीत के दौरान परिजनों ने स्पष्ट किया कि परिवार आर्थिक रूप से पूरी तरह संपन्न था और मामला आईफोन का नहीं, बल्कि पारिवारिक नोकझोंक और डराने के चक्कर में अचानक संतुलन बिगड़ने का था।
कुनाल चंदगुडे की मौसी के पति (चाचा) ने आईफोन की तंगी के दावों का खंडन करते हुए बताया कि परिवार बेहद सक्षम और संपन्न स्थिति में था। कुनाल पढ़ाई में बेहद होनहार था। उसने 10वीं कक्षा में 95 प्रतिशत अंक हासिल किए थे और डॉक्टर बनने के सपने के साथ NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था। परिजनों ने उसकी NEET कोचिंग के लिए 3 लाख रुपये की फीस जमा की थी। कुनाल के पास पहले से ही दो आईफोन थे। परिवार के पास अपनी खेती की जमीन थी। घर में एक पालतू कुत्ता भी था, जिसके रख-रखाव पर ही हर महीने 7 से 8 हजार रुपये खर्च होते थे। पिता मुरलीधर (48) ट्रक चालक थे और परिवार की हर जरूरत पूरी करते थे।
चाचा ने घटना के असली घटनाक्रम के बारे में बताते हुए कहा कि 'पति-पत्नी (माता-पिता) के बीच आपस में छोटी-मोटी बातों पर नोकझोंक और बहस होती रहती थी। कुनाल केवल अपने माता-पिता को डराना चाहता था और अपनी बात मनवाना चाहता था। इसीलिए वह पहाड़ी के किनारे पर जाकर खड़ा हो गया। माता-पिता भी उसे सिर्फ डराना और सुरक्षित वापस खींचना चाहते थे। लेकिन अचानक किनारे पर पैर फिसलने से संतुलन बिगड़ गया और पिता-पुत्र 250 फीट गहरी खाई में जा गिरे। उन्हें आंखों के सामने गिरता देख मां संगीता ने भी कड़े से नीचे छलांग लगा दी।'
परिजनों ने बताया कि चंदगुडे परिवार पहले भी एक बहुत बड़े सदमे से गुजर चुका था। करीब 6 साल पहले बीमारी के कारण कुनाल के बड़े भाई का निधन हो गया था। बड़े बेटे को खोने के बाद कुनाल ही माता-पिता का एकमात्र सहारा और जीने की उम्मीद था।
सोशल मीडिया पर कुणाल और उसकी मां संगीता के पुराने वीडियो जमकर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में दोनों साथ बैठकर चाय पीते दिख रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में कुनाल मदर्स डे पर अपनी मां के पैर धोकर चूमता हुआ नजर आ रहा है। परिजनों का कहना है कि जिस परिवार में इतना प्यार था, वहां ऐसी त्रासदी केवल एक भयानक दुर्घटना और संतुलन बिगड़ने के कारण हुई है।