
अभिजीत दीपके समेत 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
Cockroach Janta Party Latur FIR: महाराष्ट्र के लातूर जिले की औसा तहसील से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिला परिषद के उर्दू प्राथमिक स्कूल में अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर छात्रों के बीच बैठने, शिक्षकों के काम में बाधा डालने और बिना अनुमति वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में 'कॉकरोच जनता पार्टी' के अध्यक्ष समेत कई लोगों पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना 20 अगस्त को दोपहर करीब 1:15 बजे हुई। कॉकरोच जनता पार्टी के अध्यक्ष अभिजीत दीपके, अजिंक्य शिंदे और उनके साथ आए 4 से 5 अज्ञात लोग अचानक जिला परिषद की उर्दू शाला में घुस गए। आरोप है कि इन लोगों ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों के बीच बैठकर उनसे तरह-तरह के सवाल पूछना शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने स्कूल प्रशासन की कोई अनुमति नहीं ली और शिक्षकों के शैक्षणिक व शासकीय काम में सीधा व्यवधान उत्पन्न किया।
शिक्षिका सय्यद समशादबानो खैरातअली की ओर से औसा पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपियों पर स्कूल में दूसरे विद्यालयों के छात्रों को लाकर बैठाने और उन्हें इसी स्कूल के छात्र के तौर पर पेश करने का आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि इस कथित फर्जीवाड़े के जरिए स्कूल की वास्तविक स्थिति को अलग तरीके से दिखाने की कोशिश की गई, जिससे विद्यालय की छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा। आरोप है कि जब शिक्षकों ने इस पर आपत्ति जताई तो उनके साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और उन्हें नौकरी से निलंबित कराने की धमकी भी दी गई। इसके अलावा, शिकायत में बिना अनुमति स्कूल परिसर और पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग करने तथा बाद में उसे सोशल मीडिया पर साझा करने का भी आरोप लगाया गया है।
शिक्षिका की तहरीर के आधार पर औसा पुलिस ने अभिजीत दीपके, अजिंक्य शिंदे और उनके अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक (PSI) महेश गायकवाड़ कर रहे हैं। पुलिस घटना के वायरल वीडियो, बिना अनुमति स्कूल में घुसने के कारणों और आरोपियों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है।
Updated on:
22 Aug 2026 07:26 pm
Published on:
22 Aug 2026 07:26 pm
