नागौर

जयपुर-नागौर हाईवे पर बड़ा हादसा : भांजे का जन्मदिन मनाकर लौट रहे मामा की मौत, तीन दोस्त गंभीर घायल

भांजे का जन्मदिन मनाने के बाद घर लौट रहे चार दोस्तों की खुशियां कुछ ही मिनटों में मातम में बदल गईं। जयपुर-नागौर हाईवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 26 वर्षीय मामा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।
2 min read
Jul 18, 2026
Nagaur Accident
Nagaur Accident: हादसे में पलटी कार और मृतक मुरली पाराशर (फोटो-पत्रिका)

डीडवाना-कुचामन। जयपुर-नागौर हाईवे पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। भांजे के जन्मदिन का जश्न मनाकर घर लौट रहे चार दोस्तों की कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। इसमें 26 वर्षीय मुरली पाराशर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार लीचाणा निवासी मुरली पाराशर अपने भांजे के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए नावां के पीपली बाजार स्थित अपनी बहन के घर आया था। परिवार के साथ जन्मदिन का जश्न मनाने के बाद देर रात वह अपने दोस्तों पांचूराम गुर्जर, जावेद और दारासिंह (लालसिंह) के साथ कार से गांव लौट रहा था। मुरली की मां बेटी के घर ही रुक गई थीं, जबकि चारों युवक कार से लीचाणा के लिए रवाना हुए।

जन्मदिन मनाने के दौरान गोद में बच्चे को लिए मृतक मुरली पाराशर एवं उसके दोस्त। (फोटो-पत्रिका)

तेज आवाज सुनकर दौड़े लोग

रात करीब 11 बजे जयपुर-नागौर हाईवे पर राठौड़ फार्म हाउस के पास अचानक कार बेकाबू हो गई और कई पलटियां खाते हुए सड़क किनारे जा गिरी। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कार की हालत देखकर हर कोई सन्न रह गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से कुचामन के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया।

गांव में पसरा मातम

डॉक्टरों ने मुरली पाराशर को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीनों अन्य युवकों की हालत गंभीर होने के कारण उनका उपचार जारी है। हादसे की खबर जैसे ही लीचाणा गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह वीडियो भी देखें :

मोबाइल दुकान चलाता था युवक

बताया जा रहा है कि मुरली भावता कस्बे में मोबाइल की दुकान चलाता था, जबकि उसके पिता गिरधारीलाल खेती करते हैं। परिवार में जन्मदिन की खुशियां मनाई जा रही थीं, लेकिन कुछ ही घंटों बाद मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा

नावां थानाधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में कार के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है, लेकिन हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

Updated on:
18 Jul 2026 10:30 pm
Published on:
18 Jul 2026 10:16 pm