नागौर

Nagaur Murder: दोहितों के सामने बुजुर्ग की गला काटकर हत्या, फिर नॉनवेज-शराब पार्टी, सुबह खेत में सोता मिला बालक

नागौर जिले के सदर थाना क्षेत्र के बासनी-सिंगड़ रोड पर शुक्रवार को एक लकवाग्रस्त बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। वारदात की सूचना मिलते ही सदर थानाधिकारी किताब चौधरी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
2 min read
Aug 14, 2026
Nagaur Murder
Nagaur Murder: घटनास्थल पर जांच करती पुलिस (फोटो-पत्रिका)

नागौर। सदर थाना क्षेत्र के बासनी-सिंगड़ रोड पर गुरुवार रात हुई एक बुजुर्ग की हत्या ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। खेत में बने कमरे में रहने वाले करीब 70 वर्षीय गुलाब सिंह की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। सबसे हैरान करने वाली बात यह सामने आई है कि वारदात के समय उनके दोहिते भी वहां मौजूद थे। हत्या के बाद आरोपी कथित तौर उसी जगह पर बैठकर शराब पीते रहे और नॉनवेज खाया। घटना से डरा बड़ा दोहिता रातभर खेत में छिपा रहा।

जानकारी के अनुसार गुलाब सिंह पिछले करीब दो महीने से बासनी-सिंगड़ रोड स्थित खेत में बने कमरे को किराए पर लेकर रह रहे थे। वे लकवाग्रस्त थे और देखभाल के लिए उनके दो दोहिते भी पास रहते थे। उनके दोनों बेटे बीकानेर के खाजूवाला में रहते हैं। एक बेटी की शादी भी घटनास्थल से कुछ दूरी पर हुई है।

इसी जगह पर हुई वारदात (फोटो-पत्रिका)

डर की वजह से खेत की तरफ भागा

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक 13 अगस्त की शाम चार युवक गुलाब सिंह के पास पहुंचे थे। उस समय दोनों दोहिते भी कमरे में मौजूद थे। आरोप है कि युवकों ने बुजुर्ग के साथ विवाद किया और चाकू से उनका गला रेत दिया। हत्या की भयावह घटना अपनी आंखों से देखकर बड़ा दोहिता घबरा गया और वहां से भागकर खेत में जाकर छिप गया। इस बीच आरोपियों ने कमरे पर बाहर से ताला लगा दिया। छोटे दोहिते को वे अपने साथ ले गए और बाद में उसकी मां के पास छोड़ दिया।

हत्या के बाद नॉनवेज-शराब पार्टी

पुलिस की शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि हत्या के बाद आरोपी कमरे में ही बैठे रहे। वहां शराब पी गई और नॉनवेज खाना भी खाया गया। यानी जिस जगह कुछ देर पहले एक बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या की गई थी, वहीं आरोपी कथित तौर पर काफी देर तक मौजूद रहे।

खेत में सोता मिला बच्चा

शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे पड़ोसी जगदीश खेत की ओर पहुंचा। वहां उसे बड़ा दोहिता सोता हुआ मिला, जो रातभर डर के कारण खेत में छिपा था। दोहिते ने पड़ोसी को पूरी घटना बताई। इसके बाद जगदीश कमरे के पास पहुंचा तो दरवाजे पर ताला लगा था। खिड़की से अंदर झांकने पर गुलाब सिंह का शव दिखाई दिया और फर्श पर खून बिखरा नजर आया। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मौके से चाकू बरामद

सूचना मिलते ही सदर थानाधिकारी किताब चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। मौके से सब्जी काटने वाला चाकू भी बरामद किया गया है, जिसे हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है।

पैसे को लेकर विवाद की आशंका

पुलिस ने मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, चारों युवकों की भूमिका, हत्या की पूरी वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस वारदात में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं। शव को जेएलएन राजकीय जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

Updated on:
14 Aug 2026 07:31 pm
Published on:
14 Aug 2026 06:53 pm