नागौर. अब अगले माह यानि की एक अप्रैल से कृषि उपज मंडी में जीरे की बोली परिवर्तित व्यवस्था के तहत की जाएगी। यह परिवर्तन कृषि उपजमंडी की ओर से किया गया है। ताकि किसानों को गर्मी के दिनों में अनावश्यक परेशान न होना पड़े।
नागौर. जीरे की रिकॉर्ड आवक के बीच कृषि उपज मंडी ने नीलामी सिस्टम में सख्त बदलाव कर दिया है। एक अप्रैल से बोली तय समय पर शुरू होगी, और सिर्फ 15 मिनट की विंडो में ही व्यापारी शामिल हो सकेंगे। देरी से आने वालों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। पहली बार लागू हो रही इस व्यवस्था का मकसद अव्यवस्था खत्म कर समयबद्ध और पारदर्शी नीलामी सुनिश्चित करना है।
तय समय से बंधेगा सिस्टम
अब जीरे की बोली रोजाना सुबह सवा 12 बजे शुरू होगी। पहले समय तय नहीं होने से घंटों देरी और भीड़ की समस्या रहती थी। नए नियम से नीलामी एक तय फ्रेम में चलेगी, जिससे किसानों की प्रतीक्षा कम होगी और व्यापारियों को स्पष्ट टाइमलाइन मिलेगी।
15 मिनट बाद सीधी रोक
मंडी प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार बोली शुरू होने के बाद सिर्फ 15 मिनट तक ही एंट्री मिलेगी। इसके बाद कोई भी व्यापारी शामिल नहीं हो पाएगा। इससे बीच में रुकावट, सौदे प्रभावित करने और अनिश्चितता की गुंजाइश खत्म होगी। समय पालन सुनिश्चित करने के लिए मंडी ने अलग कर्मचारी तैनात किया है। उसकी सीधी जिम्मेदारी रहेगी कि बोली तय समय पर शुरू हो और नियमों से कोई समझौता न हो। इससे ढिलाई पर लगाम लगेगी और प्रक्रिया लगातार एक जैसी रहेगी।
रोटेशन से बराबरी का मौका
नीलामी अब रोटेशन पद्धति पर चलेगी, ताकि हर व्यापारी को बराबर अवसर मिले। इससे पक्षपात और पहले किसकी बारीज्ज् जैसे विवाद कम होंगे। सिस्टम को संतुलित रखने के लिए व्यापार मंडल को भी इसमें शामिल किया गया है।
27 मार्च तक रूट फाइनल करने के निर्देश
मंडी ने व्यापार मंडल से कहा है कि नीलामी का रूट तय कर 27 मार्च तक जमा कराएं। पहले से तय क्रम से काम होगा तो मौके पर होने वाली बहस और देरी से बचा जा सकेगा। मंडी प्रशासन के अधिकारियों का मानना है कि नई व्यवस्था का सीधा असर किसानों पर पड़ेगा। तय समय और बिना रुकावट बोली से उन्हें जल्दी भुगतान प्रक्रिया और बेहतर प्रतिस्पर्धा मिलने की उम्मीद है। वहीं, अनुशासित सिस्टम से मंडी की विश्वसनीयता भी बढ़ेगी।
पहली बार बदली है व्यवस्था…
एक अप्रैल से जीरे की नीलामी प्रक्रिया में नयी व्यवस्था की जा रही है। इसमें तय समय के साथ ही निश्चित समय पर नीलामी प्रक्रिया को कराना। ताकि मंडी एवं किसानों, दोनों को राहत मिल सके।
रघुनाथराम सिंवर, सचिव, कृषि उपजमंडी नागौर
सडक़ पर कचरा फेंकने व पॉलिथीन पर कार्रवाई, 14 चालान
नागौर. नगर परिषद टीम ने शहर में स्वच्छता को लेकर विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया। कुम्हारी दरवाजा, नाईक बस्ती, पुराना अस्पताल चौराहा स्थित होटल-ढाबों व ठेलों को कचरा सडक़ पर नहीं फेंकने के लिए पाबंद किया गया। इन क्षेत्रों में जांच के लिए खुद आयुक्त गोविंद सिंह भींचर टीम के साथ पहुंचे, और लोगों से बातचीत कर उनको समझाया भी। इसके बाद नगरपरिषद की टीम राठौड़ी कुआं लिंक रोड पहुंची। यहां पर हरा चारा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सामान जब्त किया गया। इसी क्रम में सर्कल के पास आम रास्ते पर अतिक्रमण करने वालों पर भी कार्रवाई की गई। माही दरवाजा क्षेत्र में पॉलिथीन का संग्रहण व बिक्री करने वाले दुकानदारों के खिलाफ समझाइश के साथ चालान किए गए। अभियान के दौरान कुल 14 चालान कर 12,100 रुपए का जुर्माना वसूला गया तथा 26 किलो पॉलिथीन जब्त की गई। साथ ही रामनवमी यात्रा के प्रस्तावित मार्ग का भी निरीक्षण किया गया। इस कार्रवाई में भंडारपाल जयसिंह राठौड़, कनिष्ठ लिपिक प्रेम गुजराती, स्वच्छता निरीक्षक विजय बारासा, हल्का निरीक्षक रविप्रकाश लावा, प्रकाश कंडारा सहित नगर परिषद टीम शामिल रही।