नागौर

Rajasthan News: ईरान के मिसाइल हमले में सुनील पूनिया बाल-बाल बचा, जिस शिप में दलीप की मौत हुई; उसी पर था मौजूद

Oman Port Missile Strike: राजस्थान के दलीप सिंह और सुनील पूनिया एक ही जहाज पर थे, सुनील की ड्यूटी समाप्त होने के बाद दलीप ने जिम्मेदारी संभाली थी।

less than 1 minute read
Mar 04, 2026
dalip singh death oman missile attack
मृतक दलीप सिंह (फाइल फोटो)

Oman Port Missile Strike: इसराइल-अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच मर्चेन्ट नेवी में कार्यरत राजस्थान के नागौर जिले के दलीप सिंह तंवर की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार 1 मार्च को ईरान की ओर से दागी गई मिसाइल ओमान के एक पोर्ट पर खड़े शिप पर आ गिरी। उस समय शिप सर्विस के लिए खासब पोर्ट पर खड़ा था।

अभी तक नहीं मिला दलीप सिंह का शव

हादसे के वक्त दलीप सिंह तंवर जहाज के अगले हिस्से में बिहार निवासी पायलट आशीष कुमार के साथ मौजूद थे। हादसे में आशीष कुमार का शव मिल गया, लेकिन दलीप का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।

एक वर्ष की ड्यूटी के बाद दलीप सिंह घर आए थे । करीब छह महीने गांव में रहने के बाद 22 जनवरी को फिर से मुंबई लौटे थे। इसके बाद 23 जनवरी को स्काइलाइट क्रूड ऑयल जहाज मुंबई से ओमान के लिए रवाना हुए थे।

मौत से एक दिन पहले हुई थी दलीप से बात

मौत से एक दिन पहले 28 फरवरी को दलीप सिंह की परिवार से आखिरी बार बातचीत हुई थी। दलीप की मौत की खबर से खींवताना गांव में शोक की लहर है। दलीप की शादी नहीं हुई थी और वे चार भाई-बहनों में सबसे बड़े थे।

दलीप के परिवार के सदस्य ने क्या बताया

दलीप सिंह के परिवार के सदस्य दयालराम ने बताया कि पड़ोसी गांव निवासी सुनील कुमार पूनिया भी उसी जहाज पर ड्यूटी कर रहा था।

सुनील की ड्यूटी समाप्त होने के बाद उसकी जगह दलीप ने जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद यह हमला हो गया और दलीप की मौत हो गई।