नागौर

सोना-चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक बढ़ोतरी, राजस्थान में चोर बोरियों में भरकर ले गए 45 किलो चांदी

राजस्थान के नागौर जिले के मकराना शहर में एक ज्वेलर्स की दुकान से चोर दो करोड़ रुपए से अधिक का सोना-चांदी चुरा ले गए।
2 min read
• •
Jan 30, 2026
Feature image
चोरी के बाद आराम से सामान को लेकर जाते हुए। फोटो-सीसीटीवी फुटेज

नागौर। देश में सोने-चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। घरेलू बाजार में दोनों के वायदा भाव ऑल टाइम हाई पर पहुंच गए। वहीं राजस्थान के नागौर जिले के मकराना शहर में एक ज्वेलर्स की दुकान से चोर दो करोड़ रुपए से अधिक का सोना-चांदी चुरा ले गए। दुकान में घुसने के लिए चोरों ने तीन लेयर की सुरक्षा को तोड़ते हुए छह ताले और एक कांच का गेट तोड़ा। करीब आधे घंटे तक दुकान को खंगालकर पूरा सामान बोरियों में भर लिया और पैदल ही फरार हो गए। चोर 45 किलो चांदी, 150 ग्राम सोना और 10 हजार रुपए नकद ले गए।

सेंट्रल लॉक निकाला, पांच ताले काटे

वारदात मुख्य मार्ग हॉस्पिटल रोड स्थित अजमेर ज्वेलर्स में हुई। अजमेर निवासी सुरेंद्र कुमार सोनी और देवानंद सोनी की सोने-चांदी के जेवरात की दुकान है। दुकान में घुसने के लिए चोरों ने सबसे पहले शटर के सेंट्रल लॉक को सरिया से निकाला और दोनों ओर लगे दो तालों को कटर से काट दिया। इसके बाद अंदर लगे चैनल गेट के तीन तालों को भी काटा गया। तीसरी सुरक्षा के रूप में लगे कांच के गेट को तोड़कर वे भीतर घुसे।

सुबह दुकान का शटर टूटा देखकर आसपास के लोगों ने दुकान मालिक को सूचना दी। दोनों भाई तत्काल दुकान पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। थाने से एएसआई शिवलाल ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। एफएसएल टीम ने भी मौके से नमूने उठाए हैं। मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

इस तरह दिया वारदात को अंजाम

वारदात रात करीब 2 बजकर 40 मिनट पर हुई, जो सीसीटीवी कैमरों में दर्ज हो गई। दुकान का मुख्य गेट शटर के साथ मुख्य रास्ते पर स्थित है। इस गेट पर शटर के बाद चैनल गेट और उसके बाद कांच का गेट लगाया गया है। वारदात के समय सात बदमाश एक साथ पैदल ही दुकान पर पहुंचे थे।

उन्होंने पहले शटर तोड़ा, फिर जाली वाले गेट के तीन ताले काटे और कांच का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया। करीब आधे घंटे तक वे दुकान में सामान खंगालते रहे और अपने साथ लाई बोरियों में भरते रहे। पूरी दुकान से कीमती सामान समेटने के बाद सभी बदमाश पैदल ही आराम से वहां से निकल गए।

Updated on:
30 Jan 2026 02:56 pm
Published on:
30 Jan 2026 02:56 pm