
संखवास (नागौर). खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल शनिवार को विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने मूण्डवा पंचायत समिति की कड़लू ग्राम पंचायत के कड़लू फांटा पर स्थित गुरुकुल एकेडमी का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर पांचला आसन के महंत योगी सुरजनाथ महाराज व खुडख़ुड़ा धूणा के संत हेमगिरी महाराज भी उपस्थित रहे।
विधायक बेनीवाल ने कहा कि शिक्षित समाज से ही सर्वांगीण विकास संभव है और शिक्षित व्यक्ति ही हर जगह सम्मान पाता है। विधायक ने छात्रों को कड़ी से कड़ी मेहनत कर सफलता प्राप्त करने का आह्वान करते हुए कहा कि हमारा क्षेत्र आगे बढ़े, क्षेत्र के छात्र विभिन्न क्षेत्रों मे आगे जाएं, उस दिशा में कड़ी लगन से पढऩे की जरूरत है।
विधायक ने इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे क्षेत्र में संपूर्ण सुविधा युक्त और पूर्ण संसाधन के साथ इस तरह की एकेडमी के खुलने से क्षेत्र के छात्रों को लाभ मिलेगा, क्योंकि उन्हें अब सीकर या अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा।
हुंकार रैलियों से घबराई सरकार, अब सीकर में करेंगे बड़ी रैली
विधायक बेनीवाल ने कहा कि वो जल्द ही सीकर रैली की आधिकारिक तारीख की घोषणा करेंगे और किसानों के साथ युवा वर्ग की समस्या के समाधान के लिए शुरुआत किए गए जन आंदोलन को और अधिक मजबूत करेंगे। उन्होंने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि हमने किसानों की संपूर्ण कर्ज माफी की मांग की। सरकार में 50 हजार तक के कर्जे को माफ करने की घोषणा की, मगर उसमें भी इतने नियम डाल दिए कि उसका लाभ किसी को नहीं मिलेगा। इसलिए केवल घोषणा मात्र करके सरकार ने किसानों के साथ छल किया है।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर एडीजे सुरेंद्र सिंह सांदु, मूण्डवा प्रधान राजेंद्र फिड़ौदा, मिर्धा कॉलेज के व्याख्याता डॉ. शंकरलाल जाखड़, कड़लू सरपंच प्रतिनिधि गुटाराम कच्छावा, फिड़ौद सरपंच इंद्रचंद फिड़ौदा, लक्ष्मण सिंह सान्दु, कैप्टन अभय सिंह हाडा, आयुर्वेद चिकित्सक संघ के प्रदेशध्यक्ष डॉ. गजेंद्र सिंह चारण, स्कूल व्याख्याता नथूराम खुडख़ुडिय़ा, राजकीय अस्पताल संखवास के चिकित्सा अधिकारी डॉ मोहित सांदु, नारायणराम, रामनिवास खुडख़ुडिय़ा, एकेडमी के प्रबंध निदेशक विजय सारण, पंकज सांदु सहित कई जनप्रतिनिधि व क्षेत्र के लोग उपस्थित थे।