
nagaur hindi news
नागौर. बहुजन समाज पार्टी के प्रदेशस्तरीय अभियान सर्वसमाज में भाईचारा बनाओ, डॉ. भीमराव अम्बेडकर सामाजिक व आर्थिक परिवर्तन एवं सत्ता प्राप्ति संकल्प रथयात्रा का शुभारंभ रविवार को हुआ। पशु प्रदर्शनी स्थल पर आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुए बसपा प्रदेश अध्यक्ष सीताराम मेघवाल ने कहा कि जनता को लगता है भाजपा व कांग्रेस दोनों अलग-अलग पार्टियां है, लेकिन वास्तविकता में दोनों गुप्त समझौता कर सरकारें चला रही हैं। यहीं कारण है कि पांच साल बाद एक दल जाता है तो दूसरा अपनी सरकार बना लेता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने जनता को लूटने की नई योजना बनाई रात 12 बजे पेट्रोल व डीजल के भावों को बदला जाएगा। जब से यह योजना लागू हुई उसके बाद डीजल 58 से 72 पहुंच गया। सभा को विधायक दल के नेता पूरणमल सैनी, श्याम भंडारी ने भी संबोधित किया। सभा में प्रदेश प्रभारी डॉ. विजय प्रताप, जयप्रकाश सिंह, दारा सिंह, अब्दुल अजीज, सुरेश मीणा, प्रेम बारुपाल, शंकरलाल जारोड़ा, पुखराज मेघवाल, शिवनारायण सहित लोग मौजूद रहे।
रक्षक ही बन रहा भक्षक
विधायक मनोज न्यांगली ने कहा कि आज समाज काफी जातियों में बंट गया है। हमें एक होना होगा। कानून का दुरुपयोग किताबों में लिखने से नहीं होगा। जब हमारे रक्षक ही भक्षक बन जाए तो कैसे चलेगा। नागौर के गेनाराम प्रकरण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक पुलिस वाले के परिवार को आत्महत्या करनी पड़ी वह भी अपने ही विभाग के कर्मचारियों की वजह से, लेकिन आरोपित आज तक खुले घूम रहे हैं। इससे साफ तौर पर जाहिर है कि रक्षक ही भक्षक बन गए हैं। ऐसे लोगों से बचकर रहना होगा। उन्होंने कहा कि दो अप्रेल को हमारा आंदोलन शांतिप्रिय था कुछ असामाजिक तत्वों ने फायदा उठाकर माहौल को बिगाड़ा। उन्होंने चेताया कि अगर 24 मई तक झूठे मुकदमे वापस नहीं लेने पर आन्दोलन किया जाएगा।
मासिक बैठक में दिए सुझाव
सभा से पूर्व प्रदेश स्तरीय मासिक बैठक हुई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव धर्मवीर सिंह अशोक ने कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और वर्तमान समय में सभी को साथ लेकर चलने का आह्वान किया।
Published on:
13 May 2018 11:56 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
