
नारायणपुर. माओवादियों ने अबूझमाड़ के कुतुल मार्ग को अवरूद्ध कर दिया है। इसके लिए माओवादियों ने दो पुलिस कैम्प के बीच करेली घाटी में सात जगहों पर गड्ढे खोदकर सड़क को क्षतिग्रस्त कर दिया। जिसके कारण ग्रामीणो को मुख्यालय पहुंचने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा। शनिवार व रविवार को कुतुल मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार मुख्यालय से अबूझमाड-कुतुल मार्ग पर कुकड़ाझोर व आकाबेड़ा कैम्प के बीच करेली घाटी के पास माओवादियों ने शुक्रवार की रात करीब 1 किमी अंतराल में सात स्थानों पर तकरीबन पांच फीट गहरा गढ्डा खोद दिया। जिससे सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस कारण शनिवार व रविवार को कुतुल मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। इससे अबूझमाड़ के ग्रामीणों को मुख्यालय पहुंचने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं इलाके में माओवादी वारदात में इजाफ हुआ है। सूत्रों की माने तो अबूझमाड़ इलाके की कमान माओवादियों के शीर्ष लीडरों ने संभाल रखी है।
जो अबूझमाड़ सहित आसपास के इलाकों में अपनी चहल-कदमी में इजाफा कर छोटी-बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। जिले में करीब 2 माह से वाहनों में आगजनी, सड़क क्षतिग्रस्त करने, मुखबिरी के शक में ग्रामीणों को मौत के घाट उतारने, पुलिस की सर्चिग टीम पर हमला करने जैसी घटनाएं दिनों-दिन बढ़ती जा रही है।
फंसे रहे व्यापारी
अबूझमाड़ के कुतुल में शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। जिसमें मुख्यालय के व्यापारी व्यापार करने के लिए कुतुल बाजार आते है। व्यापारी शुक्रवार को कुतुल बाजार पहुंचे थे लेकिन शनिवार को व्यापारियों को करेलघाटी पहुंचने के बाद गढ्डों को देखकर वापस कोडकानार लौटना पड़ा। यहां से वे रविवार को मुख्यालय के लिए निकले। इस दौरान गढ्डे में कई वाहन फं सने के कारण व्यापारियों को बाहर निकालने के लिए घंटों पसीना बहाना पड़ा।
साप्ताहिक बाजार पहुंचने में दिक्कत
जिले के सबसे बडे साप्ताहिक बाजार का संचालन रविवार को मुख्यालय में होता है। इस बाजार में अबूझमाड़ सहित दूरस्थ अंचल के ग्रामीण अपने लिए रोजमर्रा के सामानों की खरीदी करते है लेकिन अबूझमाड़ को मुख्यालय से जोडऩे वाले कुतुल मार्ग को करेलघाटी के पास क्षतिग्रस्त किए जाने से वाहन नहीं निकल पा रहे थे। इससे अबूझमाड़ के अधिकांश ग्रामीण साप्ताहिक बाजार में पहुंचने से वंचित हो गए। वहीं कुछ ग्रामीण मोटरसाइकिल व साइकिल को पैदल गढ्डों को पार करते हुए नजर आए।