
राहत : ग्रामीणों की समस्याएं सुलझाने के लिए यहां खुलेगा पब्लिक सर्विस सेंटर, पढ़ें खबर
कोंडागांव. कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित हुये कलक्टर जनदर्शन में कलक्टर नीलकंठ टेकाम ने विखं माकड़ी काटागांव के ग्रामीणों ने ग्राहक सेवा केन्द्र खोलने की मांग करते हुए बताया कि, केन्द्र के खुलने से आस-पास के अनेक पंचायत एवं गांवो को आय, निवास, जाति के साथ ही बैंक संबंधी अन्य सेवाओं के लिए मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा। अब तक इन कार्यो के लिए गांव वालों को मुख्यालय का अक्सर चक्कर लगाना पड़ता है। उनके आग्रह को स्वीकार करते हुए कलक्टर ने ई-डिस्ट्रीक्ट मैनेजर एवं लीड बैंक अधिकारी को तत्काल कार्यवाही करने निर्देश दिया। जनदर्शन कार्यक्रम में 48 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें मजदूरी भुगतान, राशन कार्ड, पेंशन, इंदिरा आवास, मोबाईल टावर, वनअधिकार पट्टा, भूमि विवाद, नलकूप खनन, विद्युत विस्तार, नाली निर्माण संबंधी आवेदन प्रमुख थे।
विवाह के बाद ग्रामीण ने मांगी प्रोत्साहन राशि
इसके अलावा जनदर्शन में ग्राम रांधना के ईश्वर मरकाम ने डीजल पंप प्रदाय हेतु, ग्राम फरसगांव के शिवराज प्रधान ने दैनिक वेतन भोगी श्रमिक के रुप में रखने, ग्राम कोरगांव के संतोष कुमार मरकाम ने विवाह प्रोत्साहन राशि प्रदान करने, ग्राम मुलमुला के संतरिन बाई ने निराश्रित पेंशन, ग्राम छिनारी के रघुनाथ मण्डावी ने सड़क सुदृढ़ीकरण, मस्सुकोकोड़ा की इतवारिन बाई ने इंदिरा आवास योजना के तहत दूसरी किश्त दिलाने आवेदन कलक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया। जिस पर कलक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करने हेतु कहा। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत डा. संजय कन्नौजे, डीएफओ अनुराग श्रीवास्तव, एसडीएम खेमलाल वर्मा, टेकचंद अग्रवाल, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास जीआर सोरी, कार्यपालन अभियंता विद्युत नवीन पोयाम सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
ग्रामीणों ने की ये शिकायतें
ग्राम छिनारी के जयराम मरकाम एवं अन्य ग्रामीणों ने मोबाइल टावर स्थापित करने का आवेदन देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत क्षमतापुर में मोबाइल टावर न होने से आस-पास के गांव संचार सुविधा से वंचित है। इन ग्रामों में सोहंगा, बेडग़ांव, जेवरा, बिन्जोली, छतोड़ी, किरमारी जैसे ग्राम है और इन ग्रामों की आबादी लगभग दस हजार है। ग्रामीणों की समस्या को ध्यान में रखते हुए टावर की स्थापना की जानी चाहिए। ग्राम बेलोती पारा मसोरा के ग्रामीणों ने जनदर्शन में बताया कि वन क्षेत्र पीएफ-239 में तालाब निर्माण किया जाना चाहिए क्योंकि बारिश में पानी के तेज बहाव से खेतों के मेड़ ढह जाते है। तालाब बनाने से फसल नुकसान नहीं होगा और पशुओं और ग्रामीणों को निस्तारी में सुविधा होगी। कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुये संबंधित विभाग को नोटिस जारी किया है।