नरसिंहपुर

धीमी रफ्तार से अटका ब्रिज निर्माण, शहर की रफ्तार पर ब्रेक, बारिश से पहले पूरा होने की उम्मीद कम, वाहन चालकों की बढ़ी चिंता

शहर से लगे रौंसरा रेलवे फाटक पर बन रहे ओवरब्रिज का कार्य धीमी गति से चलने के कारण शहर की रफ्तार थम सी गई है।

2 min read
रौंसरा फाटक पर निर्माणाधीन ब्रिज जिसका कार्य धीमी गति से चल रहा है।

progress of the overbridge construction work नरसिंहपुर. शहर से लगे रौंसरा रेलवे फाटक पर बन रहे ओवरब्रिज का कार्य धीमी गति से चलने के कारण शहर की रफ्तार थम सी गई है। लंबे समय से जारी निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए लोगों में चिंता और बढ़ गई है। ब्रिज के दोनों ओर स्लैब का कार्य अभी तक पूरी तरह पूर्ण नहीं हो पाया है। ऐसे में जैसे ही रेलवे फाटक बंद होता है, दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
स्टेशन क्षेत्र के व्यापारियों का कहना है कि दिनभर उड़ती धूल और अधूरे निर्माण कार्य के कारण ग्राहक प्रभावित हो रहे हैं। अधिकांश समय दुकानों में जमी धूल साफ करने में ही निकल जाता है, जिससे व्यापार पर भी असर पड़ रहा है। बारिश से पहले यदि ब्रिज का कार्य पूरा नहीं हुआ, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष दुकानों के सामने पानी भरने की समस्या बनी रहती है। इस बार भी कच्चे डायवर्सन मार्ग और आसपास पड़ी निर्माण सामग्री, मिट्टी के चलते कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनने की आशंका है।
वाहन चालक उठा रहे जोखिम
यातायात व्यवस्था भी इस अधूरे निर्माण के कारण जोखिम भरी हो गई है। नरसिंहपुर की ओर से हाइवे जाने वाले वाहनों को निर्माणधीन ब्रिज के नीचे से होकर हाइवे पर बने व्हीकल अंडरपास के जरिए गुजरना पड़ता है। वहीं करेली और छिंदवाड़ा, सिवनी, जबलपुर, गोटेगांव की ओर से आने वाले वाहन भी इसी मार्ग से शहर में प्रवेश करते हैं। इस दौरान एप्रोच रोड पर लगातार क्रास ट्रैफिक से दुर्घटना का खतरा रहता है।
रात को लग जाता है अंधेरा, जमा रहते हैं तत्व
रात के समय निर्माण स्थल के आसपास पर्याप्त रोशनी नहीं होने से अंधेरा छाया रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस वजह से यहां संदिग्ध गतिविधियों की आशंका भी बनी रहती है, जिससे विशेषकर दुपहिया वाहन चालकों और राहगीरों में डर का माहौल रहता है कि उनके साथ कोई अप्रिय स्थिति न बन जाए। शहरवासियों का कहना है कि निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे जल्द पूरा किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और आगामी बारिश में संभावित समस्याओं से बचा जा सके।
बीच में बंद रहा कार्य
बताया जाता है कि ब्रिज का कार्य कुछ समय तक बीच में श्रमिकों की कमी के कारण बंद रहा, जो बाद में शुरू तो कराया गया लेकिन उसकी गति धीमी बनी हुई है। निर्माण स्थल के आसपास पर्याप्त लाइट नहीं हैं। वहीं कार्य कब पूरा होगा इसे लेकर कार्य से जुड़े अधिकारी भी कुछ स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं।
प्रमुख समस्याएं
ब्रिज निर्माण की धीमी गति से यातायात बाधित
फाटक बंद होते ही लगती लंबी वाहन कतार
धूल और गंदगी से व्यापार प्रभावित
बारिश में जलभराव और कीचड़ की आशंका
एप्रोच रोड पर क्रास ट्रैफिक से दुर्घटना का खतरा
रात में अंधेरा, असामाजिक गतिविधियों का डर

Published on:
25 Apr 2026 12:41 pm
Also Read
View All