तेज आंधी का दबाब इस तरह अधिक रहा कि खेतों में खड़ी मूंग की फसल टूटते हुए खेतों में ही बिछ गई, कई जगह खंभे, ट्रांसफार्मर और पेड़ गिरे।
weather impact नरसिंहपुर. जिले में उमस भरी तीखी गर्मी के बीच गुरुवार की दोपहर बाद अचानक चली धूल भरी तेज आंधी और बारिश के साथ गुड़वारा क्षेत्र में ओलावृष्टि हुई। इस क्षेत्र में तेज आंधी का दबाब इस तरह अधिक रहा कि खेतों में खड़ी मूंग की फसल टूटते हुए खेतों में ही बिछ गई, कई जगह खंभे, ट्रांसफार्मर और पेड़ गिरे। मौसम की कुछ देर की मार ने समूचे ग्रामीण क्षेत्र के जनजीवन को प्रभावित कर दिया।
जिले में कई दिनों से भीषण गर्मी का दौर चल रहा है। गुरुवार को सुबह से तीखी उमस भरी गर्मी होने के बाद दोपहर बाद अचानक मौसम बदला, तेज हवाएं चलने के साथ ही कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। बिगड़े मौसम ने जहां उमस को बढ़ा दिया है, वहीं जिले भर में समर्थन मूल्य पर चल रही खरीद वाले केंद्रों पर खुले में रखे हजारों क्विंटल अनाज के लिए भी खतरा बढ़ा दिया है। मौसम में आए बदलाव से कई दिनों बाद गुरुवार को अधिकतम तापमान लुढकऱ 36.6 डिग्री सेल्सियस पर टिका। वहीं न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। धूप के कारण दिनभर घरों में कैद रहे जो लोग शाम को बाहर निकले उन्हें आंधी-पानी से बचते हुए अपने घरों को लौटना पड़ा। आंधी और बूंदाबांदी का कुछ देर बाद जब असर कम हुआ तो उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। बताया जाता है कि नरसिंहपुर मंडी में भी बाहर रखे अनाज को बारिश से नमी आई है, हालांकि यहां बारिश का असर कम रहा।
किसान बोले लहलहा रही फसल हो गई बर्बाद
राजमार्ग चौराहा से लगे ग्राम गुड़वारा निवासी किसान सत्यपाल पटेल ने बताया कि शाम को तेज आंधी चली तो खेतों में लहलहा रही मंूग की फसल बिछ गई, इसी बीच बारिश होने लगी और ओले गिरे। किसान के अनुसार आंधी, बारिश, ओले से गुड़वारा समेत रीछई, कुम्हरोड़ा हार के काफी किसानों को नुकसान हो गया है। पूरे क्षेत्र में आंधी ने नुकसान किया है। फसल की हालत ऐसी हो गई है कि अब उससे उत्पादन की उम्मीद नहीं है। किसान संदीप पटेल, मुल्लीबाई, हेमराज पटेल, थान सिंह, दीपक लोधी, हेमंत लोधी, कैलाश गौड़ आदि का कहना है कि कई जगह पेड़ और खंभे गिरने से बिजली की लाइन टूट गई है। बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। गनीमत रही कि मौसम की आपदा से कोई जनहानि नहीं हुई।
वर्जन
अभी राजमार्ग क्षेत्र में ही कुछ जगह ओले गिरने की सूचना मिली है, पता करवा रहे हैं। अन्य जगह तो सिर्फ आंधी और हल्की बारिश की ही जानकारी आई है।
मणिंद्र कुमार सिंह, एसडीएम नरसिंहपुर