राष्ट्रीय

भाई-दोस्त के साथ गरबा देखकर घर लौट रहा था राजस्थान का युवक, अहमदाबाद में रास्ता रोककर चाकू से हमला, अस्पताल में मौत

Ahmedabad Murder Case: अहमदाबाद में गरबा देखकर भाई और दोस्त के साथ लौट रहे राजस्थान के करौली निवासी 28 वर्षीय विकेश गुर्जर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
2 min read
Ahmedabad Murder Case
विकेश गुर्जर। फाइल फोटो- पत्रिका

Karauli Youth Murder: नवरात्रि में गरबा देखकर भाई और दोस्त के साथ घर लौट रहे 28 वर्षीय विकेश गुर्जर की अमराईवाड़ी इलाके में चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। गुलाबनगर के पास दो लोगों ने उसे रास्ते में रोककर उसके पेट और पीठ पर चाकू से वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल विकेश को एलजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

दो महीने पुरानी कहासुनी में हमला

मृतक की पहचान अजीत मिल रोड पर त्रिकमलाल की चाली में रहने वाले विकेश गुर्जर (28) के रूप में हुई जो लिफ्ट रिपेयरिंग और फिटिंग का काम करता था। वह मूलरूप से राजस्थान के करौली जिले की नांदोती तहसील के केमरी इब्राहिमपुरा गांव का निवासी था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वारदात के पीछे करीब दो महीने पुरानी कहासुनी और रंजिश बताई जा रही है। अमराईवाड़ी पुलिस ने विकेश के भाई अभिषेक गुर्जर की शिकायत पर रोहित गुप्ता और मदन राजपूत के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

चाकू से किया वार

विकेश अपने भाई अभिषेक गुर्जर के साथ उसके मित्र दिलीप के यहां गुलाबनगर में गरबा देखने गया था। गरबा समाप्त होने के बाद विकेश, भाई और मित्र के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान गुलाबनगर निवासी रोहित गुप्ता और मदन राजपूत वहां पहुंचे। करीब दो महीने पहले मदन राजपूत और विकेश के बीच किसी सामान्य बात को लेकर कहासुनी और झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश को लेकर मदन ने रोहित को कुछ कहा और रोहित ने चाकू से विकेश के पेट और पीठ पर वार कर दिए। इसके बाद दोनों ही आरोपी वहां से फरार हो गए।

अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम

चाकू के वार से गंभीर रूप से घायल विकेश को एलजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। विकेश के भाई अभिषेक की शिकायत पर अमराईवाड़ी पुलिस ने रोहित उर्फ गांडो और मदन राजपूत के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। सूत्रों के तहत जिस रोहित गुप्ता पर चाकू से वार करने का आरोप लगा है। उसका आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ पहले भी शराबबंदी सहित गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ हाल ही में तड़ीपार की कार्रवाई की थी। इसके बावजूद वह शहर में था। वहीं दूसरी तरफ गरबा देखने जा रही महिला पार्षद और उनके परिवार का रास्ते में साइड देने की बात को लेकर फतेवाड़ी नहर के पास विवाद और कहासुनी हुई। आरोप है कि एक युवक ने अपने साथियों को बुलाकर महिला पार्षद के परिवार की कार रुकवाई, महिला पार्षद के साथ अभद्रता की और उन्हें कार से बाहर खींचने का प्रयास किया।

Updated on:
18 Oct 2026 07:29 pm
Published on:
18 Oct 2026 07:18 pm