
तुकाराम मुंढे। फाइल फोटो- पत्रिका
FDA Maharashtra: महाराष्ट्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन के जिन अधिकारियों ने अपने कार्यक्षेत्र से बाहर जाकर कार्रवाई की है और जो जांच में दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई हो सकती है। मंत्री नरहरि झिरवाल ने स्पष्ट किया कि इस मामले में अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री लेंगे। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग (FDA) के आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर मिलावटी और नियमों के विरुद्ध खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
दशहरा और दीपावली के त्योहारों को देखते हुए विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इससे दुकानदारों और होटल संचालकों में कार्रवाई को लेकर चिंता है। वहीं कुछ कारोबारियों ने अधिकारियों पर निर्धारित कार्यक्षेत्र से बाहर जाकर कार्रवाई करने के आरोप भी लगाए हैं। इसी मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री नरहरि झिरवाल ने कहा कि कार्यक्षेत्र से बाहर जाकर कार्रवाई करने वाले अधिकारियों की जांच की जाएगी। यदि कोई अधिकारी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ निलंबन सहित अन्य कार्रवाई की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि इस विषय पर मुख्यमंत्री के साथ चर्चा हुई है। मामले में क्या कार्रवाई की जाए, इसका फैसला मुख्यमंत्री करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों या अन्य संबंधित लोगों को कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। दो दिन पहले खाद्य एवं औषधि प्रशासन के पांच अधिकारियों के निलंबन का मामला सामने आया था। दरअसल नासिक जिले के मालेगांव में सुपारी से भरे ट्रक पर की गई कार्रवाई में भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मामले पर संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई।
इस बीच खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने 14 और 15 अक्टूबर को कोंकण और पुणे में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान खुलासा हुआ कि खराब खाद्य सामग्री को नष्ट करने के बजाय दोबारा खुले बाजार में बेचने की कोशिश की गई। अभियान में कुल 48 लाख 8 हजार 924 रुपए का संदिग्ध और खराब खाद्य भंडार सामने आया था। इस मामले में भिवंडी, अंबरनाथ और खेड़ के चाकण-निघोजे क्षेत्र में स्थित बड़ी कंपनियों के पांच गोदामों के लाइसेंस तत्काल निलंबित किए गए थे। इसके अलावा बिना लाइसेंस कारोबार कर रहे दो प्रतिष्ठानों को बंद कर दिया गया था।
Updated on:
17 Oct 2026 09:31 pm
Published on:
17 Oct 2026 09:29 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
