राष्ट्रीय

AAP ने MCD के 3 पार्षद पर की कार्रवाई, तत्काल प्रभाव से किया निलंबित

MCD councillors: आम आदमी पार्टी ने दिल्ली नगर निगम (MCD) के तीन पार्षदों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इसकी घोषणा की।
2 min read
AAP leader Saurabh Bharadwaj
आप नेता सौरभ भारद्वाज (फोटो - पीटीआई एक्स पोस्ट)

AAP MCD councillors: दिल्ली नगर निगम (MCD) की जोनल कमिटी के चुनावों के ठीक एक दिन बाद आम आदमी पार्टी (AAP) ने एक बड़ा और कड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। पार्टी ने अपने तीन मौजूदा पार्षदों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने अनुशासनहीनता और पार्टी-विरोधी गतिविधियों का हवाला देते हुए एक आधिकारिक आदेश जारी कर इस सख्त कार्रवाई की पुष्टि की।

सूत्रों के अनुसार पार्षदों पर कल हुए जोनल कमिटी चुनावों के दौरान क्रॉस-वोटिंग और पार्टी-विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर पार्टी की तरफ से सस्पेंशन का कारण नहीं बताया गया है। पार्टी नेतृत्व के इस अचानक और बड़े कदम से MCD में हलचल मच गई है।

इन तीन महिला पार्षदों पर गिरी गाज

आम आदमी पार्टी द्वारा जारी किए गए पत्र के अनुसार, जिन तीन पार्षदों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया है, वे सभी महिला पार्षद हैं। दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक संक्षिप्त पत्र में लिखा, "आम आदमी पार्टी तत्काल प्रभाव से निम्नलिखित MCD पार्षदों को निलंबित करती है।"

  • श्रीमती निर्मला देवी (शर्मा)
  • श्रीमती कृष्णा देवी राघव
  • श्रीमती सुल्ताना आबाद

क्यों हुई कार्रवाई?

सूत्रों के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई कल (बुधवार) हुए MCD जोनल कमेटी और स्टैंडिंग कमेटी के सदस्यों के चुनाव से जुड़ी है। इन चुनावों में आम आदमी पार्टी को कुछ जोन में उम्मीद के मुताबिक नतीजे नहीं मिले, जिससे पार्टी आलाकमान को शक हुआ कि उसके ही कुछ पार्षदों ने क्रॉस-वोटिंग की हैयानी चुपके से भारतीय जनता पार्टी (BJP) या दूसरे प्रतिद्वंद्वियों के पक्ष में वोट डाला है।

सूत्रों के अनुसार, आंतरिक जांच और शुरुआती जानकारी के आधार पर इन तीन पार्षदों का व्यवहार संदिग्ध पाया गया। अनुशासनहीनता के प्रति ज़ीरो-टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए, पार्टी ने नगर निगम के अहम कामों और मेयर चुनाव से पहले इन पार्षदों को निकाल दिया, ताकि बाकी पार्षदों को एक कड़ा संदेश दिया जा सके।

बीजेपी ने चुनाव में मारी बाजी

गौरतलब है कि दिल्ली नगर निगम (MCD) के चुनावों में BJP ने 12 में से 10 वार्ड कमेटियों के चेयरमैन पद हासिल किए। इसके अलावा, पार्टी ने स्टैंडिंग कमेटी की 6 में से 5 सीटें जीतकर अपनी स्थिति काफी मजबूत कर ली। वहीं, AAP को सिर्फ़ दो वार्ड कमेटी पदों और स्टैंडिंग कमेटी में एक सीट से ही संतोष करना पड़ा। इसके बाद, 18 सदस्यों वाली स्टैंडिंग कमेटी में BJP 12 सदस्यों के मजबूत बहुमत के साथ निर्णायक स्थिति में आ गई है, जबकि AAP के पास केवल 6 सदस्य बचे हैं।

Updated on:
16 Jul 2026 06:04 pm
Published on:
16 Jul 2026 05:09 pm