राष्ट्रीय

अभिजीत दीपके ने FIR होने के बाद किया वीडियो पोस्ट, क्या-क्या धाराएं लगी हैं? आशुतोष रांका ने किसे बताई बड़ी जीत

Cockroach Janata Party के संयोजक अभिजीत दीपके के खिलाफ लातूर में FIR दर्ज। जानें उन पर कौन-कौन सी धाराएं लगीं और क्या है 'स्कूल ठीक करो' अभियान।
2 min read
Aug 23, 2026
Abhijeet Dipke news
अभिजीत दीपके(फोटो-ANI)

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संयोजक अभिजीत दीपके के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। दीपके पर महाराष्ट्र के लातूर में एक सरकारी स्कूल में बिना अनुमति प्रवेश करने के आरोप है। दीपके के अलावे CJP कार्यकर्ता अजिंक्य शिंदे व अन्य के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता के कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, दीपके ने FIR दर्ज होने के बाद एक गाने की क्लिप X पर पोस्ट की है।

क्या है दीपके और CJP पार्टी कार्यकर्ताओं पर आरोप

अभिजीत दीपके पर औसा के पास जावली स्थित जिला परिषद ऊर्दू स्कूल में सरकारी कामकाज में बाधा डालने और शिक्षकों को धमकाने का आरोप है। जिला परिषद ऊर्दू स्कूल की एक शिक्षिका सैयद शमशादबानो खैरातली (53) की शिकायत पर पुलिस ने दीपके व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

किन-किन धाराओं में दर्ज की किया गया मामला

दीपके और अन्य पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132 (किसी लोक सेवक को उसके आधिकारिक कर्तव्य से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का प्रयोग), 329(3) (गृह अतिचार/हाउस ट्रेस्पास), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 356(2) (आपराधिक मानहानि) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

FIR के अनुसार, दीपके और उनके साथियों पर बिना अधिकारियों की अनुमति के स्कूल परिसर में घुसने का आरोप है। कथित तौर पर वे छात्रों के साथ बैठे और स्कूल की स्थिति को लेकर सवाल उठाए। शिकायत में आरोप लगाया गया कि वे शैक्षणिक और सरकारी कामकाज में बाधा डाल रहे थे।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि CJP नेता ने अपनी यात्रा और छात्रों के साथ बातचीत के वीडियो रिकॉर्ड किए और उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट किया।

आरोप है कि दीपके ने जिला परिषद उर्दू स्कूल को बदनाम करने की कोशिश की, क्योंकि उन्होंने दावा किया कि उनकी यात्रा के दौरान दूसरे स्कूल के छात्रों को लाकर कक्षाओं में बिठाया गया था। उन्होंने शिक्षकों को निलंबित करवाने की धमकी भी दी।

'स्कूल ठीक करो' अभियान

कॉकरोच जनता पार्टी के सदस्य अपने 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत सरकारी स्कूलों का दौरा कर रहे हैं, जो 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शुरू किया गया था। देश भर के सरकारी स्कूलों में शिक्षा और सुविधाओं में सुधार लाने के उद्देश्य से शुरू किया गया यह कार्यक्रम दीपके के हिंगोली स्थित पैतृक गांव से शुरू हुआ था। तब से CJP सदस्य विभिन्न राज्यों में कई स्कूलों का दौरा कर चुके हैं, हालांकि कुछ जगहों पर उन्हें विरोध का भी सामना करना पड़ा है।

जयपुर में CJP कार्यकर्ताओं संग ग्रामीणों की झड़प

शुक्रवार को जयपुर के रामपुरा कंवरपुरा में एक सरकारी स्कूल के दौरे के दौरान CJP की एक टीम पर लोगों द्वारा हमला किए जाने का भी आरोप है। वहीं मुंबई में, नगरपालिका शिक्षा विभाग ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के स्वयंसेवकों को बिना अनुमति के नगरपालिका स्कूलों में प्रवेश करने से रोक दिया है।

रामपुरा स्कूल का होगा नवनिर्माण: रांका

सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने एक्स पर पोस्ट करते हुए CJP की बड़ी जीत बताई। उन्होंने X पर लिखा कि भैंसों के तबेले में चल रहे रामपुरा के स्कूल का होगा नवनिर्माण। सीएम भजनलाल को सिर्फ यह कहना चाहूंगा कि यह काम आप पहले भी कर सकते थे। कल जो हिंसा करायी गई, उसकी जरूरत नहीं थी। लेकिन जब तक कल हिंसा फैलाने वालो को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक हम पीछे हटने वाले नहीं है। हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक राजस्थान के सभी सरकारी स्कूल ठीक नहीं हो जाते।

Updated on:
23 Aug 2026 07:51 am
Published on:
23 Aug 2026 07:36 am