
Abhijeet Dipke: सीजेपी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके। इसको लेकर उनके माता-पिता ने भावुक बयान दिया है। उनकी मां अनीता दीपके ने कहा कि अगर दिल्ली पुलिस ने उन्हें समय पर जाने दिया होता, तो वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते थे। वहीं, उनके पिता भगवान दीपके ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए और कहा कि अभिजीत को अपनी दादी के अंतिम दर्शन के लिए समय दिया जाना चाहिए था।
अभिजीत दीपके की मां अनीता दीपके ने कहा कि उन्हें मुंबई से सीधे घर आना था और वह शनिवार रात तक पहुंचने वाले थे। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली पुलिस ने उन्हें एक दिन पहले ही छोड़ दिया होता, तो वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हो पाते।अनीता दीपके ने कहा कि परिवार में इतनी बड़ी दुखद घटना होने पर पुलिस थोड़ी नरमी दिखा सकती थी और उन्हें घर जाने की अनुमति दे सकती थी। इससे परिवार को भी राहत मिलती।
अभिजीत के पिता भगवान दीपके ने कहा कि अगर पुलिस उन्हें समय पर रिहा कर देती या अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद दिल्ली लौटने की शर्त पर जाने देती, तो वह अपनी दादी से आखिरी बार मिल सकते थे। उन्होंने कहा कि उन्हें इंस्टाग्राम से पता चला कि अभिजीत नागपुर पहुंच गए हैं। भगवान दीपके ने पुलिस की कार्रवाई को गलत बताते हुए कहा कि अगर पुलिस ने उन्हें दादी के निधन की जानकारी दे ही दी थी, तो कम से कम अंतिम दर्शन के लिए कुछ समय देना चाहिए था।
दिल्ली पुलिस ने रविवार को अभिजीत दीपके से जुड़ा एक वीडियो जारी किया था। पुलिस ने उन आरोपों को खारिज किया था, जिनमें कहा गया था कि हिरासत के दौरान अभिजीत को उनकी दादी के निधन की जानकारी नहीं दी गई। दिल्ली पुलिस की डीसीपी और जनसंपर्क अधिकारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह वीडियो जारी किया। इसमें एक महिला पुलिसकर्मी अभिजीत को उनकी दादी के निधन की जानकारी देती सुनाई दे रही हैं। वीडियो में पुलिसकर्मी उन्हें घर जाने के लिए बस या फ्लाइट की व्यवस्था कराने की पेशकश भी करती हैं।