
Amarnath Yatra 2026 Suspended: जम्मू-कश्मीर में लगातार खराब होते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा को अगले आदेश तक अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर अंशुल गर्ग ने बताया कि 19 जुलाई से पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से तीर्थयात्रियों की आवाजाही रोक दी जाएगी। यह फैसला मौसम विभाग की भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है।
प्रशासन के आदेश के अनुसार, 19 जुलाई से अगले आदेश तक बालटाल और नुनवान/चंदनवाड़ी बेस कैंप से किसी भी श्रद्धालु को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। डिविजनल कमिश्नर अंशुल गर्ग ने कहा कि मौसम की स्थिति सामान्य होने और यात्रा मार्गों की सुरक्षा का पूरा आकलन करने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू करने पर फैसला लिया जाएगा। यात्रा बहाल होने की जानकारी आधिकारिक रूप से बाद में जारी की जाएगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक खराब मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। 20 से 23 जुलाई के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि भारी बारिश के कारण भूस्खलन, मडस्लाइड, पहाड़ों से पत्थर गिरने, अचानक बाढ़ और निचले इलाकों में जलभराव जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं।
स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को श्रीनगर में आंशिक से लेकर सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे। यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, जम्मू में हल्की बारिश या गरज के साथ बारिश होने की संभावना है और अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
एक ओर जहां बारिश का अलर्ट जारी है, वहीं दूसरी ओर श्रीनगर भीषण गर्मी की चपेट में है। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक तापमान है और सामान्य से 5.8 डिग्री अधिक है। हालांकि यह तापमान पिछले वर्ष 6 जुलाई को दर्ज 37.4 डिग्री सेल्सियस के रिकॉर्ड स्तर से कम रहा। वहीं, 29 जुलाई 2024 को श्रीनगर में 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।