केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीकानेर के सांचू बॉर्डर पोस्ट से बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगले छह महीनों में भारत-पाक सीमा पर एंटी-ड्रोन सिस्टम की तैनाती शुरू होगी। शाह ने कहा कि इससे घुसपैठ, तस्करी और अतिक्रमण पर प्रभावी रोक लगेगी। इस दौरान उन्होंने बीएसएफ जवानों का हौसला बढ़ाया और सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने का भरोसा दिया।
Amit Shah Rajasthan Visit: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित ऐतिहासिक सांचू सीमा चौकी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बीएसएफ जवानों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि देश के नागरिक इसलिए सुरक्षित हैं क्योंकि जवान दिन-रात सरहद की रक्षा में डटे रहते हैं।
अमित शाह ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगले छह महीनों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एंटी-ड्रोन सिस्टम की तैनाती शुरू की जाएगी। इससे घुसपैठ, तस्करी और अतिक्रमण पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिलेगी।
गृहमंत्री ने कहा कि जब-जब देश पर संकट आया, जवानों ने दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने सीमा क्षेत्र में रहने वाले लोगों के साहस और सहयोग की भी सराहना की।
इस दौरान शाह ने सांचू पोस्ट के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि 1965 के भारत-पाक युद्ध में पाकिस्तानी सेना ने इस चौकी पर कब्जा करने की कोशिश की थी, लेकिन भारतीय जवानों ने वीरता दिखाते हुए दुश्मन को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया था। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार लगातार आधुनिक तकनीकों पर काम कर रही है। एंटी-ड्रोन सिस्टम इसी दिशा में बड़ा कदम साबित होगा।
अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2030 तक महिला जवानों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि राजस्थान में स्वीकृत 79 महिला बैरकों में से 67 का निर्माण पूरा हो चुका है।
उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध निर्माण पर सख्ती बरतने के निर्देश भी दिए। शाह ने कहा कि सीमा सुरक्षा से जुड़े हर पहलू पर सरकार गंभीरता से काम कर रही है।
गृहमंत्री ने बताया कि सीमा क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को तेजी से मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत 1096 किलोमीटर लंबी लिटरल रोड और 520 किलोमीटर एक्ससीएल रोड का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सड़क और निगरानी व्यवस्था से जवानों की तैनाती और सुरक्षा अभियान ज्यादा प्रभावी होंगे।
सांचू चौकी पर अमित शाह ने खेजड़ी का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि खेजड़ी रेगिस्तान के लिए कल्पवृक्ष के समान है और जलवायु संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है। शाह ने बताया कि सेना की ओर से अब तक 7 करोड़ 35 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं।
अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हेलिकॉप्टर से सांचू सीमा चौकी पहुंचे थे। इस दौरान केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी मौजूद रहे।