
Amritsar Drug Racket Bust: अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से करीब 7.050 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है। बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 60 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस कमिश्नर इस मामले को लेकर आज दोपहर बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी साझा करेंगे।
पंजाब के DGP गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान स्थित एक तस्कर के संपर्क में थे। ये आरोपी उसी के निर्देशों पर पंजाब में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे। यह नेटवर्क सीमा पार से ड्रग्स की तस्करी कर पंजाब के युवाओं को निशाना बना रहा था, जिससे राज्य में नशे की समस्या और गंभीर होती जा रही थी।
इस पूरे मामले में पुलिस ने दो अलग-अलग FIR दर्ज की हैं। ये दोनों मामले अमृतसर के थाना छेहरटा और थाना कैंटोनमेंट में NDPS एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि इसके सभी लिंक ऊपर से लेकर नीचे तक का पता लगाया जा सके।
DGP ने साफ कहा है कि पंजाब को नशामुक्त बनाने की दिशा में सरकार और पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। लगातार चलाए जा रहे अभियानों के तहत ड्रग्स तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाना और उनके भविष्य को सुरक्षित करना है।
पंजाब सरकार ने हाल ही में युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान का दूसरा चरण शुरू किया है। इस अभियान के तहत राज्यभर में जन जागरूकता रैलियां, गांव-गांव में जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं को नशा विरोधी मुहिम से जोड़ने जैसे प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का दावा है कि यह अभियान नशे के खिलाफ एक मजबूत जन आंदोलन बन रहा है, जिसमें ग्रामीण स्तर तक लोगों की भागीदारी बढ़ाई जा रही है।