
ओमान के तट के पास एक जहाज पर अमेरिकी हमले में कुछ दिन पहले 3 भारतीय नाविकों ने अपनी जान गंवा दी थी। इस मामले में भारत (India) में अमेरिका (United States of America) से जवाब भी मांगा था। दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party - AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) और डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की मीटिंग के बाद आज एक बड़ी बात कह दी है।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए कहा, "ट्रंप के कार्यकाल में तीन निर्दोष भारतीयों की जान चली गई, जबकि मोदी जी अपनी मुलाकात में उनकी तारीफों के पुल बांधने में व्यस्त थे। एक शक्तिशाली प्रधानमंत्री भारत के लिए खड़ा होता और उन हत्याओं के लिए ट्रंप से बिना शर्त माफी की मांग करता, न कि उनकी तारीफ करता।"
ओमान तट के पास पलाउ के झंडे वाले एमटी सेटेबेलो जहाज पर 10 जून को अमेरिकी हमले में तीन भारतीय मारे गए थे। मृतकों में डेक कैडेट आदित्य शर्मा, इंजन फिटर शिवानंद चौरसिया और चीफ इंजीनियर पटनाला सुरेश शामिल थे। अमेरिका ने दावा किया था कि उनकी नेवी ने जहाज को रुकने की चेतावनी दी थी, लेकिन इसके बावजूद जहाज के क्रू मेंबर्स ने उनकी बात नहीं मानी, जिसके बाद अमेरिकी नेवी ने जहाज पर मिसाइल दागी थी। हमले के बाद पहले तीनों लापता हो गए थे, लेकिन बाद में इनकी मौत की पुष्टि हो गई थी। इस जहाज पर 21 अन्य भारतीय भी सवार थे, लेकिन हमले के बाद उन्हें बचा लिया गया था।
ईरान ने इस हमले में तीन भारतीयों की जान जाने पर अमेरिका की निंदा की थी। वहीँ ट्रंप ने इसके लिए ईरान पर आरोप लगाया था। ट्रंप के आरोप को ईरान ने बेबुनियाद बताते हुए इसे एक हफ्ते से भी कम समय में भारतीय नाविकों वाले तीन जहाजों पर हमले और एक जहाज पर हमले में 3 बेगुनाह भारतीय नाविकों की मौत की सच्चाई से ध्यान हटाने की कोशिश बताया और साथ ही इसे शर्मनाक करार दिया।