राष्ट्रीय

आतंकवाद के खिलाफ जम्मू कश्मीर पुलिस का एक्शन, बांडीपोरा में 5 संदिग्धों की करोड़ों की संपत्ति जब्त

Jammu Kashmir News: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बांदीपोरा जिले में आतंकी गतिविधियों से जुड़े होने के आरोप में पांच लोगों की करोड़ों रुपये की अचल संपत्तियां जब्त की हैं। कार्रवाई चिट्टेबांडे और गुंडपोरा गांवों में की गई।
2 min read
Jul 18, 2026
jammu kashmir police
आतंकी गतिविधियों से जुड़े 5 लोगों की करोड़ों की संपत्ति जब्त (फ़ोटो- IANS)

Jammu Kashmir Police: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद और उसके पूरे इकोसिस्टम को पूरी तरह खत्म करने के लिए सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस लगातार बड़े पैमाने पर ऑपरेशन चला रहे हैं। इसी कड़ी में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में एक बड़ा ऑपरेशन चलाया है। पुलिस ने उन पांच लोगों की करोड़ों रुपये की अचल संपत्ति जब्त की है, जिन पर आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने और आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने का शक है।

पुलिस प्रशासन ने साफ़ किया है कि यह कार्रवाई घाटी में सक्रिय आतंकवादी संगठनों को मदद पहुंचाने वाले नेटवर्क को तोड़ने और ऐसी संपत्तियों का इस्तेमाल देश-विरोधी या गैर कानूनी गतिविधियों के लिए होने से रोकने की जारी कोशिशों का हिस्सा है। यह कार्रवाई कानूनी प्रावधानों के तहत जरूरी प्रक्रिया का पालन करने के बाद उठाया गया है।

कई एकड़ जमीन की गई कुर्क

जब्त की गई संपत्तियां जिलेके चिट्टेबांडे और गुंडपोरा गांवों में स्थित हैं। राजस्व विभाग की मदद से की गई इस अहम कानूनी कार्रवाई में पुलिस ने अलग-अलग खसरा नंबरों के तहत रजिस्टर्ड कई एकड़ कृषि भूमि को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। आरोप है कि इन संपत्तियों का इस्तेमाल सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से राष्ट्र-विरोधी तत्वों और आतंकवादी गतिविधियों को वित्तीय या लॉजिस्टिकल सहायता देने के लिए किया जा रहा था।

5 संदिग्धों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

पुलिस ने जिन पांच लोगों की करोड़ों की पैतृक और कृषि संपत्तियां जब्त की हैं। उसमें मीर हसन, खुर्शीद अहमद शेख, फारूक अहमद बानी, मुजफ्फर अहमद लोन और गुलाम अहमद लोन शामिल हैं। इन सभी आरोपियों पर गंभीर आरोप हैं, जिनमें प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों के साथ सक्रिय संबंध बनाए रखना, सीमा पार बैठे हैंडलर के इशारे पर काम करना, स्थानीय स्तर पर आतंकवादियों को पनाह देना और देश की संप्रभुता और सुरक्षा को कमजोर करने वाली गतिविधियों में शामिल होना शामिल है।

पुलिस की सख्त चेतावनी

जम्मू कश्मीर पुलिस ने कहा कि कोई भी नागरिक अपनी रिहायशी या खेती की जमीन का इस्तेमाल देश-विरोधी तत्वों को पनाह देने या आतंकवादी गतिविधियों की साज़िश रचने के लिए न होने दे। अगर कोई व्यक्ति जान-बूझकर आतंकवादियों की मदद करता है या अपनी जमीन का इस्तेमाल देश के खिलाफ होने देता है, तो उसकी संपत्ति भी कानूनी तौर पर जब्त कर ली जाएगी।

Updated on:
18 Jul 2026 07:55 pm
Published on:
18 Jul 2026 07:36 pm