राष्ट्रीय

पारिवारिक विवाद का खतरनाक अंत, महिला को चाकू और रॉड से पीटा, मासूम पोती को लेकर हुए फरार

बेंगलुरु में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। महिला पर जानलेवा हमला किया गया और उसकी पोती का अपहरण कर लिया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
2 min read
Mar 26, 2026
crime
बेंगलुरु में महिला पर चाकू से हमला (प्रतीकात्मक तस्वीर)

कर्नाटक के बेंगलुरु से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पारिवारिक विवाद ने देखते ही देखते इतना हिंसक रूप ले लिया कि एक बच्ची की सुरक्षा पर बन आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस मामले में एक विवाद के चलते एक महिला के भाई ने अपने परिवार के साथ मिलकर उसपर हमला कर दिया। हमलावरों ने चाकूओं और लोहे की रॉड से महिला पर वार किए और फिर उसकी पोती को किडनैप करके मौके से फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और किडनैप की गई लड़की की तलाशी की जा रही है। घटना के बाद से ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है।

महिला के छोटे भाई और उसके परिवार ने किया हमला

पुलिस के अनुसार यह घटना बुधवार सुबह करीब 7 बजे हुई, जब 59 वर्षीय पीड़िता महिला का छोटा भाई अपनी पत्नी, बेटे और बेटे के साथियों के साथ उसके घर पहुंचा था। शुरू में यह एक सामान्य बहस थी, जो पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर हुई थी, लेकिन देखते ही देखते मामला बिगड़ गया। आरोप है कि बहस के दौरान स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि आरोपियों ने हिंसक रूप अपनाया और महिला पर हमला कर दिया।

महिला पर चाकू और लोहे की रॉड से हमला

घटना के दौरान महिला पर चाकू और लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल महिला को तुरंत सेंट जॉन्स हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार महिला अब खतरे से बाहर है, लेकिन उसे निगरानी में रखा गया है। इस घटना ने स्थानीय लोगों को भी हिला कर रख दिया है और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

महिला की पोती को जबरदस्ती अपने साथ ले गए आरोपी

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हमले के दौरान आरोपियों ने महिला की पोती का अपहरण कर लिया। बच्ची को जबरन साथ ले जाने के बाद आरोपी फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। शहर के कई इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Updated on:
26 Mar 2026 03:13 pm
Published on:
26 Mar 2026 03:13 pm