राष्ट्रीय

BAT-BMS APP से सड़क पर बंद कर दे रहे ई-रिक्शा, चालक हो रहे परेशान; एक्सपर्ट ने बताया कितने साल की हो सकती है सजा

Chinese BAT-BMS App E-Rickshaw Controversy: सोशल मीडिया पर वायरल BAT-BMS ऐप को लेकर दावा किया जा रहा है कि इससे चलते हुए ई-रिक्शा को रोका जा सकता है। जानिए यह ऐप क्या है, इसका कथित दुरुपयोग कैसे किया जा रहा है और ऐसे मामलों में क्या कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
2 min read
Jul 03, 2026
E-rickshaw battery management system security
BAT-BMS App से ई-रिक्शा को कर रहे बंद (Photo-X)

BAT-BMS App E-Rickshaw Hack: सोशल मीडिया पर इन दिनों काफी वीडियो वायरल हो रहे हैं। इनमें दावा किया जा रहा है कि स्मार्टफोन में एक चीनी ऐप BAT-BMS के जरिए चलते हुए ई-रिक्शा को बंद किया जा सकता है। इससे सड़क पर जाम लगने की भी संभावना बन जाती है। वहीं मनचलों के इस काम से ई-रिक्शा चालकों को भी काफी परेशानी हो रही है। 

सोशल मीडिया वायरल वीडियो में चालक भी अपना दर्द बयां कर रहे हैं। बता दें कि चीनी ऐप की मदद से चलते ई-रिक्शा को बंद करने वालों को सजा भी हो सकती है। 

क्या बोले एक्सपर्ट? 

बीएटी-बीएमएस ऐप से ई-रिक्शा बंद करने की घटनाओं को लेकर इंटरनेशनल कमीशन ऑन साइबर सिक्योरिटी लॉ के चेयरमैन पवन दुग्गल की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि आज एक ई-रिक्शा सिर्फ एक ई-रिक्शा नहीं है, यह एक कंप्यूटर सिस्टम है और इसलिए, अगर यह डिजिटल फॉर्मेट में चल रहा है तो इसमें कुछ मेमोरी फंक्शन होते हैं। 

पवन दुग्गल ने कहा कि यह कोई खेल नहीं है, यह इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट 2000 के सेक्शन 66 और सेक्शन 43 के तहत एक जुर्म है क्योंकि यह एक ऐसी एक्टिविटी है जो बेईमानी या धोखाधड़ी से की जाती है, जहां लोग मालिक की सहमति या जानकारी के बिना उसके ई-रिक्शा के कंप्यूटर सिस्टम में घुस जाते हैं और इसके लिए 3 साल की जेल और 5 लाख रुपये का जुर्माना हो सकता है। 

क्या है BAT-BMS APP

दरअसल, ई-रिक्शा को बंद करने के लिए जिस ऐप का इस्तेमाल किया जा रहा है, उसका नाम बीएटी-बीएमएस है। इसे चीनी कंपनी शेन्ज़ेन ग्रेनेर्जी टेक्नोलॉजी ने बनाया है। यह एक बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) मॉनिटरिंग ऐप है, जिसका उद्देश्य ब्लूटूथ सपोर्ट वाली लिथियम बैटरियों की निगरानी करना है।

यह ऐप बैटरी की चार्जिंग, वोल्टेज, करंट, तापमान, बैटरी हेल्थ, चार्जिंग साइकिल और प्रत्येक सेल की स्थिति जैसी जानकारी दिखाता है। इसके अलावा, यह अनुकूल बैटरियों में चार्जिंग और डिस्चार्जिंग को नियंत्रित करने की सुविधा भी देता है।

कैसे हो रहा इसका दुरुपयोग

इसका इस्तेमाल सड़क पर मनचले चलते  ई-रिक्शा को बंद करने के लिए कर रहे हैं। दरअसल, कई कम कीमत वाले BMS में पासवर्ड सुरक्षा बेहद कमजोर होती है या बिल्कुल नहीं होती। ऐसी स्थिति में यदि बैटरी का ब्लूटूथ खुला है, तो करीब 10 से 15 मीटर की दूरी पर मौजूद व्यक्ति इस ऐप के जरिए ई-रिक्शा की बैटरी को कनेक्ट कर लेते है, फिर बैटरी का डिस्चार्ज फंक्शन बंद कर दिया जाता है। चूंकि यही फंक्शन मोटर को बिजली सप्लाई करता है, इसलिए इसे बंद करते ही ई-रिक्शा तुरंत रुक सकता है।

वायरल वीडियो में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है, जहां चालक अचानक बीच सड़क में वाहन बंद होने से परेशान नजर आते हैं। इससे सड़क दुर्घटना का खतरा भी बढ़ सकता है।

Published on:
03 Jul 2026 08:24 am